
भारतीय महिला बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु। (File Photo- IANS)
PV Sindhu: दुनिया की नंबर-1 बैडमिंटन खिलाड़ी एन से यंग के हाथों हार के साथ ही भारत की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी पीवी सिंधु का फ्रेंच ओपन का खिताब जीतने का सपना टूट गया। दक्षिण कोरिया की खिलाड़ी ने महिला एकल के फाइनल में पीवी सिंधु को 16-21, 21-11, 21-12 से हराया।
पीवी सिंधु ने विश्व चैंपियन एन से यंग के खिलाफ 11 मुकाबलों में दूसरी बार एक गेम जीतने में सफलता हासिल की। हालांकि, इस मुकाबले में हार के साथ ही दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी के खिलाफ उनका जीत-हार का रिकॉर्ड 0-11 हो गया।
फ्रेंच ओपन के फाइनल में पीवी सिंधु को हराने के साथ ही दक्षिण कोरिया की स्टार बैडमिंटन खिलाड़ी एन से यंग के इस सीजन में इंडिविजुअल टाइटल जीतने की संख्या बढ़कर 10 हो गई। इतना ही नहीं, इस जीत के साथ एन से यंग ने मौजूदा सीजन में अपना जीत-हार का रिकॉर्ड 66-1 कर लिया।
इसका मतलब है कि एन से यंग को इस साल अब तक सिर्फ एक हार का सामना करना पड़ा है। यह हार उन्हें ऑल इंग्लैंड ओपन के फाइनल में चीन की खिलाड़ी वांग झी यी के खिलाफ मिली थी। एन से यंग की खास बात यह है कि इस साल सभी प्रतियोगिताओं को मिलाकर उन्होंने अब तक सिर्फ 11 गेम गंवाए हैं।
पीवी सिंधु ने मुकाबले में शानदार शुरुआत की। उन्होंने कड़ी चुनौती देते हुए दक्षिण कोरियाई खिलाड़ी को 21-16 से हराकर पहला गेम अपने नाम किया। हालांकि, दूसरे और तीसरे गेम में साउथ कोरिया की खिलाड़ी ने पलटवार किया। एन से यंग अपना आक्रामक रूप दिखाया और पीवी सिंधु पर पूरी तरह हावी रहीं।
बता दे कि पीवी सिंधु के लिए 2026 में दूसरा 'सुपर 750' फाइनल था। इस टूर्नामेंट से पहले उन्होंने जुलाई में जापान ओपन का खिताब जीता था। उन्होंने जापान ओपन के फाइनल में तीन बार की वर्ल्ड चैंपियन जापान की अकाने यामागुची को हराया था। वर्ल्ड नंबर -11 खिलाड़ी पीवी सिंधु ने अंतिम-4 में जापान की हिना अकेची को 21-10, 20-22, 21-16 से हराकर पहली बार फ्रेंच ओपन के फाइनल में जगह बनाई थी।
आपको बता दें कि अपर्णा पोपट एक मात्र भारतीय बैडमिंटन खिलाड़ी हैं, जिन्होंने 1998 में बीडब्ल्यूएफ फ्रेंच ओपन का खिताब जीता था। तब से अब तक कोई अन्य भारतीय महिला खिलाड़ी इसे नहीं जीत सकी है।
Updated on:
25 Oct 2026, 6:29 PM IST
Published on:
25 Oct 2026, 5:13 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.