
मेलबर्न : पूर्व शीर्ष विश्व वरीयता प्राप्त महिला टेनिस खिलाड़ी सेरेना विलियम्स ने साल के पहले ग्रैंड स्लैम खिताब आस्ट्रेलिया ओपन से अपना नाम वापस ले लिया है। मालूम हो कि 36 वर्षीया खिलाड़ी ने पिछले सप्ताह सितम्बर के बाद से अपना मैच खेला था। पिछले साल सितम्बर में सेरेना ने अपने पहले बच्चे को जन्म दिया था और इसके बाद उन्होंने इस साल जनवरी के पहले सप्ताह में एक प्रदर्शनी मैच खेलने के साथ टेनिस कोर्ट पर वापसी की।
अपने करियर में 23 ग्रैंड स्लैम खिताब जीत चुकी सेरेना विलियम्स ने कहा कि वह भले ही कोर्ट में लौटने के काफी करीब हूं, लेकिन मैं अभी वहां नहीं हूं, जहां मुझे होना चाहिए। मुझे अपनी फॉर्म वापसी में अभी वक्त लगेगा।
सेरेना से पहले ब्रिटेन के दिग्गज एंडी मरे ने भी गुरुवार को हिप इंजरी के कारण आस्ट्रेलिया ओपन से अपना नाम वापस ले लिया था।
वर्तमान में सेरेना विश्व रैंकिंग में फिसल कर 22वें स्थान पर पहुंच चुकी हैं। उन्होंने कहा कि मेरे कोच और मेरी टीम ने हमेशा कहा है कि टूर्नामेंट में तभी जाओ, जब आप पूरी तरह से तैयार हो।
30 दिसंबर को की थी वापसी
इससे पहले एक बच्ची को जन्म देने के बाद सेरेना विलियम्स ने ३० दिसंबर को आबूधाबी में जेलेना ओस्टापेंको के साथ एक प्रदर्शनी मैच खेलकर कोर्ट पर वापसी की थी। लातविया की टेनिस खिलाड़ी जेलेना ओस्टापेंको ने यहां मुबाडाला टेनिस चैंपियनशिप में इस अमरीकी दिग्गज को 6-2, 3-6, 10-5 से हरा दिया था। यह 2017 में ऑस्ट्रेलियन ओपन जीतने के बाद सेरेना का पहला मैच था। आस्टे्रलिया ओपन के बाद सेरेना ने गर्भावस्था पर ध्यान देने के लिए पूरे सीजन एक भी मैच नहीं खेला।
बेटी के जन्म के करीब चार महीने बाद उन्होंने ३० दिसंबर को कोर्ट पर वापसी की थी, लेकिन 2017 की फ्रेंच ओपन चैम्पियन जेलेना ने 2017 की आस्ट्रेलिया ओपन चैम्पियन सेरेना की प्रदर्शनी मैच के जरिये वापसी का मजा किरकिरा कर दिया था। मालूम हो कि जेलेना अभी डब्ल्यूटीए रैंकिंग में सातवें स्थान पर हैं, जबकि सेरेना 22वें स्थान पर खिसक चुकी हैं।
Published on:
5 Jan 2018, 2:57 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.