निजी बस के टायर तले कुचले जाने से युवक की मौत के प्रकरण में सोमवार को परिजन व ग्रामीणों ने जिला अस्पताल की मोर्चरी में रखा शव लेने से इनकार कर दिया। वे बस चालक को तत्काल गिरफ्तार करने व मुआवजा देने की मांग पर अड़ गए। कुछ देर के लिए जिला अस्पताल स्थित पुलिस चौकी के बाहर धरना देकर विरोध-प्रदर्शन भी किया। बाद में मौके पर पहुंचे टाउन थाना प्रभारी ने समझाइश के बाद ग्रामीणों व परिजनों को शांत किया। इसके बाद वे शव लेने को राजी हुए।