जिला विधिक सेवा प्राधिकरण की ओर से पंचायत समिति सभागार में हुए कार्यक्रम में तेनगुरिया ने कहा कि जनप्रतिनिधियों की भूमिका इस प्रक्रिया में अहम है। वे अपनी प्रभावशाली स्थिति से लोगों को सही मार्गदर्शन दे सकते हैं और आपसी विवादों को सुलझाने में मदद कर सकते हैं। उन्होंने जनप्रतिनिधियों से आग्रह किया कि वे न्याय की प्रक्रिया को सरल और सुलभ बनाने में मदद करें, ताकि लोग अदालतों के बजाय पहले स्थानीय स्तर पर विवादों का समाधान पा सकें। उन्होंने कहा कि इस तरह की पहल से न्याय व्यवस्था पर दबाव कम होगा और ग्रामीण क्षेत्रों में विवादों का समाधान शांतिपूर्वक हो सकेगा। उन्होंने सरपंचों व वीडीओ को सक्रिय प्रयास कर अधिक से अधिक प्रकरण राजीनामे से निस्तारित करवाने का आह्वान किया। साथ ही बताया कि इस दिशा में अच्छा काम करने वाले व्यक्ति को जिला स्तर पर सम्मानित किया जाएगा। कार्यक्रम में सरपंच सुखविंद्र सिंह रूपनगर, धन्नाराम रड़ेवाला, प्रेमकुमार मोटासरखूनी, सरजीत सिंह 61 एफ, गणपत राम माझीवाला, जगदेव सिंह दो डब्ल्यू, एपीपी इंद्रजीत सिंह बडि़ंग व बार संघ सह सचिव विनय गर्ग आदि अधिवक्ता, जनप्रतिनिधि व कार्मिक शामिल हुए।