3 नवंबर 2026,

मंगलवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

इधर यातायात नियमों का पाठ, उधर सरेआम उड़ती धज्जियां

-राज्य सरकार के निर्देशों पर मनाया जा रहा सड़क सुरक्षा सप्ताह केवल औपचारिकता बनता नजर आ रहा है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

श्री गंगानगर

•

image

pawan uppal

•

Updated: 2 May 2018, 9:33 AM IST

bus

सूरतगढ़.

राज्य सरकार के निर्देशों पर मनाया जा रहा सड़क सुरक्षा सप्ताह केवल औपचारिकता बनता नजर आ रहा है। एक ओर जहां पुलिस व परिवहन विभाग जगह-जगह जागरूकता शिविर लगाकर नियमों की पालना का पाठ पढ़ाता नजर आ रहा है, वहीं दूसरी ओर विभाग की नाक के नीचे शहर से लेकर हाइवे तक यातायात नियमों की जमकर धज्जियां उड़ाई जा रही है। ओवरलोड बसों व ट्रकों के संचालन पर नकेल कसने में विभाग असफल साबित हो रहे हैं। जिम्मेदार अधिकारी केवल औपचारिकता पूरी करने में व्यस्त नजर आते हैं। ऐसे में प्रतिवर्ष मनाया जाने वाला सड़क सुरक्षा सप्ताह के परिणाम धरातल पर सदैव की तरह शून्य ही हैं।


शहर में पीड़ादायक बने बुलेट
शहर की युवा पीढ़ी में बुलेट मोटरसाइकिल रखने का चलन बढ़ता ही जा रहा है। लेकिन स्टेट्स सिंबल बने इन बुलेट में अवैध रूप से लगाए जा रहे पटाखा साइलेंसरों ने आमजन को सकते में डाल रखा है। बुलेट मोटरसाइकिलों में लगे पटाखा साइलेंसर की आवाज कानों के साथ-साथ दिल दहलाने वाली होती है। कुछ मनचले भीड़भाड़ वाले स्थानों पर जानबूझकर पटाखा साइलेंसरों से पटाखे चलाकर युवतियों व आमजन को परेशान करते हैं। शहर की मुख्य बीकानेर रोड पर दिनभर में ऐसे कई पटाखा बजाते हुए बुलेट निकलते हैं। इतना ही नहीं शहर में अठारह वर्ष से कम आयु के युवा सरपट वाहन दौड़ाते भी देखे जा सकते हैं। उधर अभिभावक भी अपनी लाडलों की सुरक्षा की परवाह किए बिना ही उनके हाथों में वाहन सौंप देते हैं।

हाइवे पर ओवरलोड के तले दबे नियम
सड़क यातायात पर प्रत्यक्ष व प्रभावी नियंत्रण के लिए प्रत्यक्ष रूप से जिम्मेदार परिवहन विभाग की भूमिका विवादास्पद वसूली के मामलों में ही सिमट कर रह गई है। हालात यह है कि सड़क सुरक्षा सप्ताह के दौरान भी शहर से लेकर हाइवे तक निजी बसें, जीपें व लोक परिवहन की अधिकांश बसें ओवरलोड होकर दौड़ती नजर आ रही हैं।


जिससे यात्रियों की जान को खतरा बना हुआ है। वहीं नेशनल हाइवे पर भी ओवरलोड वाहन मौत बनकर दौड़ रहे हैं। विशेष रूप से ट्रकों में जहां वस्तुओं एवं उत्पादों को खुलेआम ओवरलोड कर ले जाया जा रहा है। गत वर्षों के आंकड़ों पर नजर डालें तो, अधिकांश हादसों का कारण ओवरलोड वाहन रहे हैं। नागरिकों का आरोप है कि इस संबंध में कई बार परिवहन विभाग व प्रशासन को ज्ञापन सौंपकर ओवरलोड वाहनों पर कार्रवाई की मांग की जा चुकी है।


लेकिन परिवहन विभाग के अधिकारी इस पर प्रभावी नकेल कसने की बजाय सुविधा शुल्क लेकर अवैध रूप से दौडऩे की अनुमति देने में अधिक सक्रिय नजर आते हैं। विगत वर्षों के दौरान नेशनल हाइवे पर चौथ वसूली की कई घटनाएं भी हो चुकी हैं।


बुलेट के खिलाफ ट्रेफिक पुलिस का अभियान शुरु
सिटी थानाधिकारी निकेत पारीक के निर्देशों पर मंगलवार को यातायात पुलिस ने शहर में अवैध रूप से बुलेट मोटरसाइकिलों के संचालन के खिलाफ सख्ती दिखाते हुए कार्रवाई की। यातायात पुलिस प्रभारी रामभगत के नेतृत्व में टीम ने महाराणा प्रताप चौक पर नाका लगाकर बुलेट मोटरसाइकिल चालकों को रोक कर उनके वाहन के कागजातों, आरसी व पटाखा साइलेंसर की जांच की। इस दौरान पुलिस ने उचित कागजात नहीं मिलने पर दो बुलेट मोटरसाइकिलों के चालान काटे, इनमें एक बुलेट को सीज कर लिया गया। जिसे जब्त कर सिटी थाना ले जाया गया। यातायात प्रभारी ने बताया कि बुलेट मोटरसाइकिलों सहित अवैध वाहनों की जांच के लिए अभियान निरंतर जारी रहेगा।


करेंगे सख्त कार्रवाई
शहर में यातायात नियमों का उल्लंघन करने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी। इसके लिए जल्द अभियान चलाएंगे।-
रामभगत, प्रभारी, यातायात पुलिस, सूरतगढ़

बड़ी खबरें

View All

श्री गंगानगर

राजस्थान न्यूज़