
protest
- नर्सिंगकर्मी व एनआरएचएम कर्मी पहुंचे कोतवाली
श्रीगंगानगर.
झुंझुनूं में गुरुवार को हुई प्रधानमंत्री की सभा में काले झंडे दिखाने के मामले में श्रीगंगानगर कोतवाली पुलिस ने एक एनआरएचएम कार्मिक को हिरासत में ले लिया, जिसको झुंझुनूं भेजा जा रहा है। इस मामले को लेकर एनआरएचएम, नर्सिंगकर्मी, कर्मचारी नेता कोतवाली पहुंच गए और उसे रिहा करने की मांग को लेकर घेराव किया।पुलिस ने बताया कि झुंझुनूं में हुई प्रधानमंत्री की सभा में गुरुवार को कुछ लोगों ने काले झंडे दिखाए थे।
इनमें एनआरएचएम के कुछ कार्मिक भी शामिल रहे। इस मामले में झुंझुनूं पुलिस ने मामला दर्ज किया। इसकी सूचना शुक्रवार को झुंझुनूं पुलिस ने श्रीगंगानगर भेजी थी, जिसको लेकर पुलिस ने काले झंडे दिखाने के मामले में एनआरएचएम कार्मिक पुनीत बंसल को हिरासत में ले लिया था। इसकी जानकारी मिलते ही एनआरएचएम कार्मिक, नर्सिंगकर्मी सहित अन्य कर्मचारी व कर्मचारी नेता कोतवाली पहुंच गए और वहां हंगामा करने लगे। इस पर पुलिस ने उनको समझाइश कर शांत कर दिया। पुलिस ने बताया कि पुनीत बंसल को झुंझुनूं भेजा जा रहा है।
अधयक्ष को पकडऩे का विरोध
प्रधानमंत्री की सभा में स्थाईकरण की मांग को लेकर 8 मार्च को राज्य के एनआरएचएम कर्मियों ने झुंझनूं में प्रदर्शन किया था, जिसमें एनआरएचएम के अध्यक्ष पुनीत बंसल सहित सैकड़ों कर्मचारी मौजूद थे। अखिल राज राज्य कर्मचारी संयुक्त महासंघ एकीकृत के जिलाध्यक्ष संदीप जाखड़ ने बताया कि एनआरएचएम के कुछ पदाधिकारियों ने शाम को बताया कि अध्यक्ष पुनीत बंसल को पुलिस ने धरना स्थल से हिरासत में लिया है।
इस पर मंहासघ के कई नेताओं ने कोतवाली पहुंचकर जानकारी ली। महासंघ ने विरोध जताया और जयपुर उच्चाधिकारियों से बात की, तब तक पुलिस पुनीत बंसल को पीछे के रास्ते से लेकर रवाना हो गई। संघ ने बंसल सहित अन्य कर्मचारियों को रिहा कर उनकी मांगें मानने की मांग की है। इस मौके पर रायसिंह सहारण, नर्सेज एसोसियेट के रविन्द्र शर्मा, रामकुमार सिहाग, पिलास बिश्नोई, कमल गुप्ता, विपुल गोयल, शेरसिंह आदि थे।
इनका कहना है
कार्मिक को हिरासत में लिया है
पुलिस ने काले झंडे दिखाने के मामले में एक एनआरएचएम कार्मिक को हिरासत में लिया है, जिसकी सूचना झुंझुनूं पुलिस ने यहां भेजी थी। इसको झुंझुनूं भेजा रहा है।
नरेन्द्र पूनियां, थाना प्रभारी, कोतवाली, श्रीगंगानगर
Published on:
9 Mar 2018, 9:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.