
बारिश। फोटो- पत्रिका
श्रीगंगानगर। जिले में प्री-मानसून गतिविधियों का असर बुधवार को देखने को मिला। दोपहर बाद मौसम ने अचानक करवट ली और कई क्षेत्रों में तेज हवाओं के साथ अच्छी बारिश हुई। सूरतगढ़, केसरीसिंहपुर, घड़साना सहित विभिन्न स्थानों पर मेघ जमकर बरसे, जिससे लोगों को गर्मी से राहत मिली। सूरतगढ़ क्षेत्र के बीरमाना गांव में सर्वाधिक वर्षा दर्ज की गई। बारिश के चलते सड़कों पर पानी भर गया और मौसम सुहावना हो गया। किसानों ने भी इस बारिश को खरीफ फसलों की तैयारी के लिए लाभदायक बताया। वहीं कुछ निचले इलाकों में जलभराव की स्थिति भी देखने को मिली।
यह वीडियो भी देखें
मौसम विभाग के अनुसार जिले में आगामी दिनों में भी प्री-मानसून गतिविधियां जारी रहने की संभावना है। बादलों की आवाजाही और रुक-रुक कर बारिश होने से तापमान में गिरावट दर्ज की गई, जिससे लोगों को भीषण गर्मी से काफी राहत मिली। वहीं दूसरी तरफ राजस्थान में आगामी दिनों में मौसम का मिजाज बदलने की संभावना जताई गई है। मौसम विभाग के अनुसार प्रदेश के कई हिस्सों में बारिश और बादल छाए रहने की स्थिति बन सकती है। विभाग ने बताया कि पूर्वी और दक्षिणी राजस्थान के जिलों में हल्की से मध्यम बारिश के आसार हैं।
वहीं पश्चिमी राजस्थान के कुछ इलाकों में तेज हवाओं के साथ मौसम में उतार-चढ़ाव देखने को मिल सकता है। जयपुर, कोटा, उदयपुर, भरतपुर और बीकानेर संभाग में भी मौसम का असर रहने की संभावना है। जुलाई के पहले सप्ताह में राज्य के कई भागों में बारिश की गतिविधियां बढ़ सकती हैं, जिससे गर्मी से राहत मिलने की उम्मीद है। इस बीच मौसम विभाग ने गुरुवार को अजमेर, अलवर, बारां, ब्यवार, भरतपुर, भीलवाड़ा, बूंदी, चित्तौड़गढ़, दौसा, डीग, भरतपुर, जयपुर, झालावाड़, झुंझुनूं, करौली, खैरथल-तिजारा, कोटा, कोटपुतली, बहरोड़, प्रतापगढ़, सवाईमाधोपुर, सीकर, टोंक, डीडवाना-कुचामन, जैसलमेर, जोधपुर, नागौर और फलोदी में मेघगर्जन, वज्रपात, झोंकेदार तेज हवा का येलो अलर्ट जारी किया है।
इस दौरान हवा की रफ्तार 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। वहीं श्रीगंगानगर, चूरू और बीकानेर में भी मेघगर्जन, वज्रपात, झोंकेदार तेज हवा का ऑरेंज अलर्ट जारी किया गया है। इस दौरान हवा की रफ्तार 50 से 60 किलोमीटर प्रति घंटा रह सकती है। राजस्थान में पिछले 24 घंटों के दौरान कहीं-कहीं मेघगर्जन के साथ हल्की से मध्यम बारिश दर्ज की गई। मौसम विभाग के अनुसार राज्य के कुछ हिस्सों में बादल छाए रहे। इस दौरान प्रदेश में कहीं भी हीट वेव (लू) की स्थिति दर्ज नहीं की गई। मौसम सामान्य रहने से लोगों को गर्मी से राहत मिली।
Updated on:
24 Jun 2026 06:50 pm
Published on:
24 Jun 2026 06:40 pm
बड़ी खबरें
View Allश्री गंगानगर
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
