
श्रीगंगानगर में औचक निरीक्षण के दौरान विद्यालय में बच्चों से संवाद कर शिक्षा व्यवस्था की जमीनी हकीकत परखते शिक्षा मंत्री।
श्रीगंगानगर.शिक्षा व्यवस्था को लेकर गुरुवार का दिन जिले में सुनवाई से कार्रवाई के नाम रहा। सर्किट हाउस में सुबह शिक्षा एवं पंचायती राज मंत्री मदन दिलावर ने जनसुनवाई कर आमजन, शिक्षकों और कर्मचारियों की समस्याएं सुनीं, तो वहीं दोपहर बाद गांवों में स्कूलों का औचक निरीक्षण कर जमीनी हकीकत भी परखी।जनसुनवाई में सबसे अधिक शिकायतें स्कूलों में शिक्षकों की कमी, जर्जर भवनों, आधारभूत सुविधाओं के अभाव और स्थानांतरण से जुड़े मामलों को लेकर सामने आईं। मंत्री ने एक-एक परिवाद को गंभीरता से लेते हुए अधिकारियों को स्पष्ट निर्देश दिए कि लंबित मामलों का शीघ्र निस्तारण किया जाए। उन्होंने कहा कि शिक्षा व्यवस्था में किसी भी प्रकार की लापरवाही अब बर्दाश्त नहीं की जाएगी और जवाबदेही तय होगी। अधिकारियों को यह भी निर्देश दिए गए कि समस्याओं का समाधान समयबद्ध तरीके से सुनिश्चित किया जाए, ताकि विद्यार्थियों की पढ़ाई प्रभावित न हो।
इसके बाद मंत्री सादुलशहर क्षेत्र के गांव मम्मडखेड़ा के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल पहुंचे। यहां उन्होंने विद्यार्थियों से संवाद करते हुए सामान्य ज्ञान के सवाल पूछे। एक छात्र द्वारा संविधान निर्माता के रूप में डॉ. भीमराव आंबेडकर का सही उत्तर देने पर मंत्री ने संतोष जताया। उन्होंने विद्यालय के नामांकन और परीक्षा परिणाम की भी समीक्षा की और शिक्षकों को शैक्षणिक स्तर सुधारने के निर्देश दिए। इसी दौरान मंत्री ने एक बच्चे के साथ हाथ मिलाकर उसका उत्साहवर्धन भी किया। मौरजड़ाखारी के राजकीय सीनियर सेकेंडरी स्कूल में मंत्री ने साफ-सफाई, नामांकन और शैक्षणिक स्तर की जानकारी ली। उन्होंने परिसर की व्यवस्था पर ध्यान देने के साथ विद्यार्थियों की उपस्थिति और पढ़ाई की गुणवत्ता पर विशेष जोर दिया।
वहीं सरदारपुरा जीवन क्षेत्र के गांव जमीत सिंहवाला में स्वच्छता व्यवस्था को लेकर बीडीओ राजेंद्र जोईया को प्रतिदिन गांवों में साफ-सफाई व्यवस्था बेहतर करने के लिए विशेष निर्देश दिए गए। निरीक्षण के दौरान जिला परिषद एसीईओ हरिराम चौहान, सीडीईओ अरविंदर सिंह सहित कई अधिकारी मौजूद रहे। मंत्री ने स्पष्ट किया कि शिक्षा के साथ-साथ स्कूलों का वातावरण भी बेहतर होना चाहिए, ताकि विद्यार्थियों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा मिल सके।
Updated on:
25 Apr 2026 01:21 pm
Published on:
25 Apr 2026 01:21 pm
