
Theft at a house in Suratgarh
सूरतगढ़. कस्बे के वार्ड छह में बाबा रामदेवजी जागरण में गए परिवार के पीछे बंद पड़े मकान पर चोरों ने धावा बोला। चोर लाखों की नकदी और सोने-चांदी के जेवरात चुरा ले गए। इस संबंध में सिटी पुलिस ने मकान मालिक व प्रोपर्टी डीलर हंसराज पुत्र भैराराम स्वामी की रिपोर्ट पर चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
जानकारी के अनुसार वार्ड छह में प्राचीन जाळ बाबा रामदेव मन्दिर की रोड पर हंसराज स्वामी की सोनू प्रोविजन स्टोर के नाम से दुकान है। इसके पीछे ही उसका मकान बना हुआ है। रविवार रात करीब साढ़े नौ बजे हंसराज स्वामी परिवार सहित मंदिर में जागरण सुनने आया। रात को करीब एक बजे घर लौटे तो घर का मुख्य गेट अंदर से बंद मिला। इस पर हंसराज स्वामी ने दीवार फांद कर देखा तो घर में अंदर के कमरे के ताले टूटे होने के साथ अलमारी भी खुली पड़ी थी तथा सामान भी बिखरा हुआ था। इसके बाद उसने परिजनों के साथ घर संभाला तो उसमें करीब दस तौला सोने के जेवरात, आधा किलो चांदी के गहने, दो लाख रुपए की नकदी आदि गायब मिली। सूचना मिलने पर सिटी पुलिस के एएसआई हरपाल सिंह मौके पर पहुंचे। पुलिस ने हंसराज स्वामी की रिपोर्ट पर अज्ञात जनों के खिलाफ चोरी का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
टीवी मिला चालू
जब हंसराज स्वामी घर की दीवार फांद कर अन्दर गया तो उसे टीवी चालू मिला। संभवत: चोरी के दौरान किसी तरह की आवाज ना हो, इसलिए टीवी चलाया होगा। घर के पास एक खाली प्लांट में पव्वे, गिलास और सेब आदि मिले हैं।
Published on:
13 Sept 2016 09:34 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
