
कलक्टर को दो ज्ञापन- एक पुलिस के खिलाफ, दूसरा पक्ष में दिया
श्रीगंगानगर.
पुरानी आबादी में पुस्तैनी मकान को लेकर परिवार के लोगों में हुए आपसी झगड़े की एक एफआईआर में व्यापारी जयदीप बिहाण का नाम दर्ज होने को लेकर शहर के व्यापारियों व अन्य लोगों ने पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग को लेकर प्रदर्शन कर कलक्टर को ज्ञापन दिया। वहीं इस मामले में एक दूसरे पक्ष की ओर से पुलिसकर्मियों के खिलाफ कार्रवाई नहीं करने व पीडि़ता को न्याय दिलाने की मांग को लेकर ज्ञापन दिया है।
इस पक्ष में आए लोगों ने कार्रवाई होने पर अनशन करने और बिहाणी समर्थकों ने बुधवार को बाजार बंद की चेतावनी दी है। पिछले दिनों पुरानी आबादी में दर्ज मामले में व्यापारी का नाम आने पर व्यापारी नाराज हो गए और पुलिस अधिकारियों से मिले। मामला खरिज करने व लापरवाह पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की। इस मामले में व्यापारियों का आरोप है कि एएसपी ने भी सुनवाई नहीं की और गलत बात कही। इस पर व्यापारियों की बैठक महावीर दल मंदिर में बैठक हुई और वे जुलूस के रूप में कलक्ट्रेट पहुंचे। जहां उन्होंने कलक्टर को ज्ञापन देकर एएसपी, पुरानी आबादी थाना प्रभारी व तीन अन्य पुलिसकर्मियों को हटाए जाने की मांग की।
कलक्टर ने इस संबंध में आईजी व एसपी से बात करने का आश्वासन दिया है। इस दौरान प्रदेश कांग्रेस कमेटी सदस्य जगदीश जांगिड़, संयुक्त व्यापार मंडल अध्यक्ष तरसेम गुप्ता, पूर्व जिलाध्यक्ष पृथ्वीपाल संधू, पूर्व विधायक सोहन नायक, पूर्व विधायक हेतराम बेनीवाल, नगरपरिषद सभापति अजय चांडक, राजेन्द्र राठी, तेजेन्द्रपाल सिंह टिम्मा, सीता स्वामी, पार्षद सलीम चौपदार सहित अन्य लोग थे। इसके बाद दूसरे पक्ष की ओर से भी कलक्टर को ज्ञापन दिया गया, जिसमें बताया है कि प्राथी के घर दस-बारह व्यक्ति आए और मारपीट की गई। जिसमें कई प्रभावशाली व्यक्ति भी शामिल है।
यह लोग अधिकारियों को धमका रहे हैं और आंदोलन की चेतावनी दे रहे हैं। इससे पीडि़त परिवार सहमा हुआ है। प्रार्थी को डर है उसके परिवार के साथ कोई बड़ा हादसा ना हो जाए। उसे थाना प्रभारी व पुलिस अधिकारियों पर पूरा भरोसा है। आरोपितों पर कार्रवाई की जाएगी। प्रभावशाली लोगों के दबाव में आकर पुलिसकर्मियों पर कोई कार्रवाई नहीं की जाए। यदि कार्रवाई की गई तो अनशन किया जाएगा। इस दौरान संयुक्त व्यापार मंडल के पूर्व अध्यक्ष हरीश कपूर, अनिल गोदारा, सचिन शारद, भूपेन्द्र शर्मा सहित अन्य लोग मौजूद थे।
Published on:
7 Nov 2017, 6:35 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.