
सूरतगढ़ थर्मल में सरकारी मेस के निरीक्षण के दौरान उलझे दो अधिकारी
सूरतगढ़ थर्मल (श्रीगंगानगर). सुपर तापीय परियोजना क्षेत्र में मंगलवार को खाद्य संरक्षा अधिकरी की कार्रवाई से दुकानदारों में हडक़ंप मच गया। वहीं आवासीय कॉलोनी के ऑफिसर्स हॉस्टल में मंगलवार को सरकारी मेस के निरीक्षण के दौरान थर्मल सम्पदा अधिकारी व खाद्य संरक्षा अधिकारियों के बीच तीखी तकरार हो गई। थर्मल सम्पदा अधिकारी प्रदीप बडेसरा ने उच्चाधिकारियों के आदेशों का हवाला देते हुए खाद्य संरक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत गुप्ता को जांच करने से रोक दिया। जिससे दोनों अधिकारियों के बीच गहमागहमी हो गई। खाद्य संरक्षा अधिकारी ने शुद्धता का हवाला देते हुए खाद्य सामग्री का सैम्पल भरने की बात कही लेकिन थर्मल सम्पदा अधिकारी ने मात्र मैन पॉवर सप्लाई की निविदाओं का हवाला देते हुए बाकी सामग्री विभाग की ओर से खरीदने की बात कही। करीब आधा घण्टा की तकरार के बाद खाद्य विभाग की टीम बिना सैंपल भरे बैरंग लौट गई।
दुकानदारों में मचा हडक़म्प
मामले के अनुसार मंगलवार सुबह खाद्य संरक्षा अधिकारी लक्ष्मीकांत गुप्ता के नेतृत्व में बाट माप अधिकारी दीपक जैन, सरस डेयरी के राजेन्द्र कुमार सहित सहायक कर्मचारी नरेश खींची की टीम ने आवासीय कॉलोनी के व्यवसायिक परिसर में राशन की दो दुकानों से शक्कर, टॉफी सहित अन्य राशन सामग्री के सैम्पल भरे। वहीं व्यवसायिक परिसर की सब्जी व फास्ट फूड की शॉप पर पुरानी खाद्य सामग्री को नष्ट करवाया। खाद्य निरीक्षण दल की कार्रवाई की सूचना के बाद व्यावसायिक परिसर की दुकानों सहित भगतसिंह गेट के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी। खाद्य निरीक्षण दल की कार्रवाई की सूचना के बाद व्यावसायिक परिसर की दुकानों सहित भगतसिंह गेट के दुकानदारों ने अपनी दुकानें बंद कर दी।
Published on:
23 Feb 2022, 1:43 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.