8 नवंबर 2026,

रविवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

बिहार चुनाव: JDU एमएलए सत्यदेव कुशवाहा घूस लेते कैमरे में कैद, वीडियो VIRAL

जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के निवर्तमान विधायक सत्यदेव कुशवाहा को स्टिंग ऑपरेशन में दो लाख रुपये लेते दिखाए जाने पर सियासी हलकों में खलबली मच गई है।
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

•

image

pawan kumar pandey

•

Updated: 25 Oct 2015, 3:42 PM IST

बिहार विधानसभा चुनाव के तीसरे चरण के मतदान से तीन दिन पूर्व जहानाबाद जिले के कुर्था से जनता दल यूनाइटेड (जदयू) के निवर्तमान विधायक सत्यदेव कुशवाहा को स्टिंग ऑपरेशन में दो लाख रुपये लेते दिखाए जाने पर सियासी हलकों में खलबली मच गई है।


कुशवाहा को पटना स्थित विधायक आवास पर स्टिंग ऑपरेशन में एक व्यवसायी से दो लाख रुपए लेते हुए दिखाया गया है। यह राशि व्यवसायी को यह आश्वासन देते हुए ली गई है कि फिर उनकी सरकार बनी तो वह उसकी हर संभव मदद करेंगे। कुशवाहा ने व्यवसायी से उसके कार्य के लिए पांच लाख रुपये की मांग की है।



यू-ट्यूब पर वीडियो अपलोड
कुशवाहा का यह वीडियो यू-ट्यूब पर अपलोड है। स्टिंग ऑपरेशन का यह वीडियो कुछ ही देर में सोशल मीडिया पर भी वायरल हो गया। केंद्रीय मंत्री गिरिराज सिंह ने अपने यू-ट्यूब हैंडल पर कुशवाहा का यह वीडियो शेयर किया है। कुशवाहा इस बार भी कुर्था विधानसभा क्षेत्र से जद-यू के टिकट पर चुनाव लड़ रहे हैं। इस क्षेत्र में दूसरे चरण के तहत 16 अक्टूबर को मतदान हुआ था।

मामले के बारे में जानकारी नहीं
इस बीच, पटना के वरिष्ठ पुलिस अधीक्षक विकास वैभव ने कहा कि वह अभी प्रधानमंत्री के कार्यक्रम में व्यस्त हैं, इसलिए कुशवाहा के खिलाफ मामला दर्ज किए जाने के संबंध में उन्हें जानकारी नहीं मिली है। जदयू के प्रदेश अध्यक्ष वशिष्ठ नारायण सिंह ने कहा कि इस मामले की उन्हें जानकारी नहीं है। उन्होंने कहा कि यदि सोशल मीडिया पर इस तरह का वीडियो वायरल हुआ है तो इसकी जांच करायी जायेगी और इसे सच पाये जाने पर पार्टी में गंभीरता से विचार किया जायेगा। हालांकि, उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी इस तरह का हथकंडा अपनाती रहती है।

चार लाख की धूस लेते पकड़े गए थे मंत्री
गौरतलब है कि दूसरे चरण के लिए 16 अक्टूबर को हुए मतदान से तीन दिन पूर्व राज्य के निबंधन एवं उत्पाद मंत्री अवधेश कुशवाहा स्टिंग ऑपरेशन में मुंबई की एक पार्टी से चार लाख रुपये कैश लेते दिखाए गए हैं। यह राशि भी इस बात को लेकर दी गयी थी कि फिर उनकी सरकार बनी तो वह मुंबई के उस कारोबारी को उसके व्यवसाय में मदद करेंगे। कुशवाहा पिपरा विधानसभा क्षेत्र से जनता दल यूनाईटेड (जदयू) के उम्मीदवार थे और स्टिंग के बाद उन्हें मंत्री पद से हटा दिया गया था और उनका टिकट काट कर दूसरे को उम्मीदवार बनाया गया था।