सूरत. कनाडा का पीआर (परमानेंट रेजिडेंस) हासिल करने के लिए दहेज में लाखों रुपए की मांग करने का आरोप लगाते हुए एक विवाहिता ने अपने एनआरआई पति व ससुराल वालों के खिलाफ उमरा थाने में प्राथमिकी दर्ज करवाई है। पुलिस के मुताबिक पीडि़ता की गत ७ जुलाई २०१६ को कनाडा के टोरंटो में रहने वाले तथा अहमदाबाद के निकोल निवासी प्रवीण अग्रवाल से हुई थी। शादी के दौरान प्रवीण, उसके पिता बजरंगलाल अग्रवाल, माता सरिता व दुबई में रहने वाली बहन चंचल व बहनोई चिराग ने कनाडा में स्थाई होने के लिए १७ लाख रुपए ले लिए थे, लेकिन शादी के चार दिन बाद ही उन्होंने और रुपए की मांग शुरू कर उसे प्रताडि़त करना शुरू कर दिया। रुपए नहीं देने पर वे लगातार उसे प्रताडि़त करते रहे। कुछ दिन पूर्व मारपीट कर पहने हुए कपड़ों में घर से बाहर निकाल दिया। मारपीट से उसके हाथ में फेक्चर हो गया। सूरत आकर पीडि़ता ने प्राथमिकी दर्ज करवाई।