
सूरत.
रांदेर पुलिस ने आइपीएल पर सट्टा लगवाने के आरोप में दो जनों को गिरफ्तार कर उनके कब्जे से ३ हजार ३०० रुपए नकद और तीन मोबाइल फोन समेत १६ हजार ३०० रुपए का सामान जब्त किया है।
पुलिस के मुताबिक अडाजण कृष्ण कुंज सोसायटी निवासी मोहम्मद साजिद मलेक का गुजरात हाउसिंग बोर्ड में फुटपाथ पर न्यू हेयर कटिंग के नाम से सैलून है। सैलून में वह पालनपुर पाटिया गुजरात हाउसिंग बोर्ड निवासी मयूर हासमाणी और हितेश सेकवानी की मदद से लोगों से संपर्क करता था तथा रामनगर पाकिस्तानी मोहल्ला निवासी बुकी दीपू बाला के यहां क्रिकेट पर सट्टा लगवाता था। गुरुवार रात वह आइपीएल में हैदराबाद और मुंबई के बीच चल रहे मैच पर सट्टा लगवा रहा था। मुखबिर की सूचना पर छापा मार कर उसे और उसके सहयोगी को गिरफ्तार कर लिया गया।
खाते में रकम नहीं, चेक से २६ लेपटॉप ले गए
सूरत. रिंग रोड के एक व्यापारी को चेक थमा कर मुंबई के दो युवक ६.५५ लाख रुपए के २६ लेपटॉप ले गए।
पुलिस के मुताबिक मुंबई जोगेश्वरी वेस्ट निवासी गणेश लेंबरकर और उसके साथी ने मगोब रेशमा रॉ हाउस निवासी व्यापारी अंकुर दोषी के साथ धोखाधड़ी की। सिविल चार रास्ता की प्रशाका बिल्डिंग में थर्ड फ्लोर पर बिजली उपकरणों का कारोबार करने वाले अंकुर से गणेश ने पहले नकद में लेपटॉप खरीद कर भरोसा हासिल किया। फिर १० दिसम्बर, २०१७ को वह चेक देकर २६ लेपटॉप ले गया। बैलेंस के अभाव में चेक रिटर्न हो गया। इस बारे में बात करने पर कुछ समय तक वह टालता रहा और बाद में भुगतान करने से मना कर दिया। पुलिस में शिकायत करने पर उसने जान से मारने की धमकी भी दी। अंकुर की शिकायत पर अठवा लाइंस पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है।
फरार पार्टी के खिलाफ १७ लाख की धोखाधड़ी का मामला दर्ज
सूरत. सलाबतपुरा पुलिस ने पिछले दिनों रिंग रोड के महावीर मार्केट से फरार हुई पार्टी के खिलाफ १७ लाख ३० हजार ६३९ रुपए की धोखाधड़ी का मामला दर्ज किया है।
पुलिस के मुताबिक आईमाता चौक पर स्काइ व्यू अपार्टमेंट निवासी पीयुष कोठारी ने दलाल दिनेश जैन के साथ मिलकर परवत पाटिया अक्षर टाउनशिप निवासी शैलेश पटेल तथा दो अन्य व्यापारियों प्रकाशचंद्र पटेल और महेश पटेल के साथ धोखाधड़ी की। नियोजित साजिश के तहत उसने तीनों व्याापरियों को विश्वास में लेकर अप्रेल २०१७ में कपड़ा उधार लिया, लेकिन उसका भुगतान नहीं किया। लंबे समय तक टालमटोल के बाद वह दुकान बंद कर फरार हो गया। पुलिस ने बताया कि पीयुष कोठारी राजस्थान के भीलवाड़ा जिले के सहाड़ा का मूल निवासी है। उसकी खोज शुरू कर दी गई है।
Published on:
13 Apr 2018 08:44 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
