सिकल सेल एनीमिया आनुवंशिक बीमारी है, जिसका चिकित्सा विज्ञान में कोई निश्चित इलाज नहीं है। सूरत जिले में इसके २२०० से अधिक मरीज हैं। आम लोगों में जागरुकता के लिए हर साल 19 जून को सिकल सेल एनीमिया दिवस के रूप में मनाया जाता है। न्यू सिविल अस्पताल के हिमोफिलिया सेंटर में मंगलवार को जन जागृति कार्यक्रम तथा रक्तदान शिविर का आयोजन किया गया।
जन जागृति कार्यक्रम में मेडिसिन विभाग के एसोसिएट प्रोफेसर डॉ. अश्विन वसावा ने बताया कि दक्षिण गुजरात के आदिवासी इलाकों में इस बीमारी के मरीज हैं। २०१८ में न्यू सिविल अस्पताल और जिला पंचायत, सूरत द्वारा १८०० सिकल सेल एनीमिया मरीजों की जांच की गई। सिकल सेल एनीमिया के कारण शरीर के अंगों पर असर दिखाई देता है, जिससे मरीज की हालत गंभीर हो जाती है। उन्होंने बताया कि जहां मलेरिया के मरीज अधिक मिलते है, उन क्षेत्रों में इसके मरीज भी अधिक हैं। इस बीमारी के साथ जन्म लेने वाले बच्चों में बुखार, सर्दी, पेट, जोड़ों और गठानों में सूजन तथा रक्त की कमी की शिकायत रहती है। सिकल सेल से तिल्ली फेफड़े, हृदय, गुर्दे, लीवर के खराब होने की आशंका रहती है। जागरुकता कार्यक्रम में सीडीएचओ डॉ. हसमुख चौधरी, एपेडिक मेडिकल ऑफिसर डॉ. पियुष शाह, कॉलेज डीन डॉ. जयेश ब्रह्मभट्ट, इंचार्ज अस्पताल अधीक्षक और पिड्याट्रिक विभाग एचओडी डॉ. वी.बी. शाह समेत करीब डेढ़ सौ लोग मौजूद थे।
क्या है सिकल सेल
सिकल सेल एनीमिया आनुवंशिक बीमारी है। यह सामान्य तौर पर आदिवासियों में दिखाई देती है। इसके मरीज दो प्रकार के होते हैं। सिकल वाहक (केरियर) ए.एस. तथा सिकल पीडि़त एस.एस.। मुख्य रूप से इसके मरीज अफ्रीकी और एशियाई देशों में हैं। इस बीमारी में मरीज के लाल रक्त कण ऑक्सीजन की कमी से आकार बदलकर हंसिए की शक्ल ले लेते हैं। अंग्रेजी में हंसिए को सिकल कहा जाता है, इसलिए इस बीमारी का नाम सिकल सेल पड़ा।
इन बातों का रखें ध्यान
सिकल सेल एनीमिया बैक्टीरिया या वायरस से होने वाली बीमारी नहीं है। इसके मरीजों को डॉक्टर की सलाह पर फोलिक एसिड, दर्द निवारक तथा मलेरिया की दवाई नियमित लेनी होती है। अधिक लिक्विड उनकी सेहत के लिए अच्छा है। नियमित टीकाकरण के अलावा न्यूमोनिया, हेपेटाइटिस बी का टीका लेना भी जरूरी है।
आर्थिक मदद
सिकल सेल एनीमिया के मरीजों के लिए नई गाइडलाइन जारी की गई है। गुजरात सरकार ने मरीजों को प्रति माह पांच सौ रुपए की आर्थिक मदद तथा मेडिकल डिसेबिलटी सर्टिफिकेट देने का प्रावधान किया है। सिकल सेल एनीमिया, थेलेसेमिया और हिमोफिलिया, तीनों ब्लड डिसऑर्डर मरीजों के लिए यह व्यवस्था है।
डॉ. अश्विन वसावा, एसोसिएट प्रोफेसर, मेडिसिन विभाग, न्यू सिविल अस्पताल