4 नवंबर 2026,

बुधवार

Patrika Logo
home_icon

होम

इनस्टॉल ऐप

ई-पेपर

video_icon

शॉर्ट्स

profile_icon

प्रोफाइल

सूरत के साथ अहमदाबाद क्राइम ब्रांच भी जांच में जुटी

पांडेसरा के जीयाव-बुडिय़ा क्षेत्र से 11 वर्षीय बच्ची का शव मिलने के मामले में अब सूरत क्राइम ब्रांच के साथ अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में शा
2 min read
Follow Patrika on Google News
Google source verification

सूरत

•

image

Mukesh Kumar Sharma

•

Updated: 17 Apr 2018, 4:56 AM IST

Ahmedabad Crime Branch also interrogated Surat

Ahmedabad Crime Branch also interrogated Surat

सूरत।पांडेसरा के जीयाव-बुडिय़ा क्षेत्र से 11 वर्षीय बच्ची का शव मिलने के मामले में अब सूरत क्राइम ब्रांच के साथ अहमदाबाद क्राइम ब्रांच की टीम भी जांच में शामिल हो गई है। सोमवार को अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के दो अधिकारी सूरत पहुंचे और जांच में जुट गए। अब तक हुई जांच में बच्ची ओडिशा की होने का अनुमान लगाया गया है। गुजरात पुलिस ने ऑडिशा पुलिस से संपर्क कर बच्ची की शिनाख्त के लिए सहयोग मांगा है।

सोमवार सुबह अहमदाबाद क्राइम ब्रांच के पुलिस निरीक्षक किरण चौधरी और जे.एन.चावड़ा टीम के साथ सूरत पहुंचे और जांच संभाल ली। उन्होंने बच्ची का शव जिस जगह से मिला था, वहां पहुंचकर जांच की। इसके बाद सूरत पुलिस की ओर से की गई अब तक जांच के बारे में जानकारी हासिल की। बच्ची ओडिशा की होने की संभावना अधिक होने से गृहमंत्री प्रदीपसिंह जाडेजा ने बताया कि ओडिशा के डीजीपी से संपर्क कर बच्ची की तस्वीर भेजी गई है।

ओडिशा के डीजीपी आर.पी.शर्मा ने बताया कि गुजरात पुलिस से सूचना मिलने के बाद उन्होंने बच्ची की तस्वीरें ओडिशा के हर थाने में भेज कर पड़ताल करने का आदेश दिया है। वहीं लापता बच्चों के साथ बच्ची की तस्वीर मिलाई जा रही है। हालांकि पुलिस को अब तक कोई सफलता नहीं मिल पाई है।

ओडिशावासी बहुल इलाकों में जांच

सूरत क्राइम ब्रांच तथा पांडेसरा पुलिस की टीम ने सोमवार को फिर से ओडिशावासी बहुल क्षेत्रों सचिन, भेस्तान और पांडेसरा में घर-घर जाकर जांच की। पुलिस ने लोगों को बच्ची की तस्वीर दिखाकर उसके बारे में जानकारी हासिल करने का प्रयास किया। हालांकि पुलिस को कोई सुराग नहीं मिल पाया।

कांग्रेस की मौन रैली

सोमवार को सूरत शहर जिला कांग्रेस ने दुष्कर्म कांड को लेकर मौन रैली निकाली और जिला कलक्टर को ज्ञापन सौंपा। शाम चार बजे अठवागेट वनिता विश्राम ग्राउंड से मौन रैली निकालकर कांग्रेस नेता कलक्टर कार्यालय पहुंचे और मांग की कि जल्द से जल्द बच्ची की शिनाख्त कर अपराधियों को पकड़ा जाए। उन्होंने महिला और बच्चियों की सुरक्षा को लेकर भी गंभीर सवाल उठाए।

सेवा फाउंडेशन भी देगा 25 हजार का इनाम

सेवा फाउंडेशन की ओर से भी सोमवार को बच्ची के बारे में जानकारी देने वाले को 25 हजार रुपए के इनाम की घोषणा की गई। सेवा फाउंडेशन के प्रतिनिधि मंडल ने क्राइम ब्रांच के अधिकारियों से मुलाकात कर बताया कि उनकी वेबसाइट पर अज्ञात मृतकों की तस्वीरें रखी जाती हैं। उन्होंने बच्ची की तस्वीर भी वेबसाइट पर रखने की पेशकश की।

बड़ी खबरें

View All

सूरत

गुजरात