
वापी. छरवाडा स्थित मंजू दायमा मेमोरियल संस्कार विद्यापीठ का आठवां वार्षिकोत्सव मंगलवार शाम धूमधाम से मनाया गया। इस अवसर पर स्कूल के छात्रों ने पर्यावरण संरक्षण, बेटी बचाओ-बेटी पढ़ाओ जैसे ज्वलंत विषयों पर नाटक व देश के विभिन्न प्रदेशों की संस्कृति से परिचित करवाने वाले नृत्यों की शानदार प्रस्तुति दी।
कार्यक्रम के मुख्य अतिथि वीआईए प्रमुख चंद्रकांत पंड्या ने विद्यार्थियों को शिक्षा के महत्व से अवगत कराते हुए कड़ी मेहनत व लगन से पढ़ाई करने की सीख दी। इस अवसर पर राजस्थान प्रगति मंडल के ट्रस्टी राजेश दुग्गड़, उद्योगपति दिनेश सोमानी, बीके दायमा, नीलम तोमर, डॉ. मीनाक्षी सेठ, वापी नपा उपाध्यक्ष विट्ठल पटेल व छरवाडा उपसरपंच योगेश पटेल समेत कई अतिथि उपस्थित रहे। स्कूल की प्रिंसिपल मीनाक्षी धूमल ने सभी का आभार व्यक्त किया।
हवन-पाहल व धर्मसभा आज
सूरत. विश्नोई धर्मशाला नियोल सूरत ट्रस्ट की ओर से होली के उपलक्ष में एक मार्च को हवन, पाहल व धर्मसभा का आयोजन ट्रस्ट के अध्यक्ष स्वामी बलदेवानंद शास्त्री के सानिध्य में गुरुवार को किया जाएगा। इस दौरान गुरुवार रात भजन संध्या में कलाकार सुभाष पंडित भजनों की प्रस्तुति देंगे व शुक्रवार को हवन-पाहल व धर्मसभा-महाप्रसादी के आयोजन होंगे। इनके लाभार्थी अनिल भादू रहेंगे।
आज छूटेगी हास्य की फुहारें
सूरत. बेटर लाइफ सोसायटी की ओर से हास्य कवि सम्मेलन का आयोजन गुरुवार रात नौ बजे से किया जाएगा। सोसायटी अध्यक्ष बीएस अग्रवाल ने बताया कि नानपुरा स्थित गांधी स्मृति भवन में आयोजित हास्य कवि सम्मेलन में धार के सन्दीप शर्मा, भोपाल की डॉ. अनु सपन, उदयपुर के अजातशत्रु, मुंबई के गौरव शर्मा व कोटा के अर्जुन अल्हड़ हास्य-व्यंग्य की प्रस्तुति देंगे।
गार्डन में लगेंगे ठहाके
सूरत. होली के उपलक्ष में स्मित लॉफिंग क्लब की ओर से गुरुवार सुबह साढ़े सात बजे भटार रोड पर विवेकानंद गार्डन में आयोजित स्नेहमिलन समारोह में हंसी के ठहाके लगेंगे। क्लब के अध्यक्ष श्रवण अग्रवाल ने बताया कि कार्यक्रम में अर्जुन अल्हड़, डॉ. पूनम गुजरानी, सोनल जैन, एकता सारड़ा, कंवरलाल आदि काव्य रचनाओं की प्रस्तुति देंगे। इस मौके पर महापौर अस्मिता शिरोया, पार्षद सुधा नाहटा, मिसेज टिआरा पूजा व्यास, बाइकिंग क्वीन सारिका मेहता, लोकदृष्टि चक्षुबैंक के प्रमुख डॉ. प्रफुल्ल शिरोया आदि मौजूद रहेंगे।
श्रीश्याम संग फागोत्सव कल
सूरत. फागुन पर्व के उपलक्ष में श्री श्याम अखंड ज्योत सेवा समिति महिला इकाई की ओर से श्री श्याम संग फागोत्सव का आयोजन शुक्रवार को किया जाएगा। समिति की अध्यक्ष अंजू लील्हा ने बताया कि शाम सवा पांच बजे से फागोत्सव का आयोजन न्यू सिटीलाइट रोड पर मेहंदीपुर बालाजी धाम प्रांगण में किया जाएगा। इस मौके पर बाबा के श्रृंगारित दरबार के समक्ष अखंड ज्योत प्रज्जवलित की जाएगी। इकाई की मीडिया प्रभारी सरोज अग्रवाल ने बताया कि श्रीश्याम संग रंगबिरंगे फूलों की होली व चंग की थाप पर गायक पवन मुरारका और राकेश अग्रवाल भजन व धमाल की प्रस्तुति देंगे। इस दौरान इकाई सदस्य महिलाओं द्वारा गरबा-रास, झांकी, इत्र फुहार, छप्पनभोग, महाप्रसाद आदि के आयोजन किए जाएंगे।
Published on:
28 Feb 2018 10:04 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
