
सूरत. प्रदोष व्यापिनी पूर्णिमा के भद्रारहित काल में फाल्गुन पूर्णिमा गुरुवार को होलिका दहन किया जाएगा। गुरुवार को भद्रा सुबह 8 बजकर 58 मिनट से रात 7 बजकर 40 मिनट तक रहेगी। भद्राकाल पूरा होने के बाद शहर में जगह-जगह होलिका दहन किया जाएगा।
रंग और उल्लास के दो दिवसीय त्योहार होली के मौके पर गुरुवार शाम भद्रारहित प्रदोषकाल में शहर में जगह-जगह सुख-समृद्धि एवं शांति की कामना के साथ होलिका दहन किया जाएगा। श्रद्धालु महिलाएं होलिका के बड़कुला समेत अन्य कई पारंपरिक वस्तुओं से शृंगार करेंगी। ज्योतिष मत के अनुसार फाल्गुन पूर्णिमा से पहले प्रदोषकाल में होलिका दहन करने की परंपरा है। गुरुवार को प्रदोष व्यापिनी पूर्णिमा है। ज्योतिष शास्त्र के मुताबिक होलिका दहन और पूजन भद्रा के मुख को त्याग कर करना शुभफलदायक होता है।
शहर के चौक-चौराहों के अलावा सोसायटी-अपार्टमेंट प्रांगण में बुधवार सुबह से ही उत्साही युवकों और बच्चों ने होलिका दहन के लिए निर्धारित स्थल पर खुदाई तथा साफ-सफाई कर होलिका का इंतजाम किया। बाद में उसे बड़कुलों और अन्य सामग्री से शृंगारित करने का कार्य महिलाओं ने किया।
उड़ेगी गुलाल, मचेगी धमाल
हर बार की तरह इस बार भी होली के उपलक्ष में शुक्रवार को धुलेटी पर टीकमनगर मित्र मंडल की ओर से बोम्बे मार्केट से राधाकृष्ण मंदिर , टीकमनगर तक 13वीं प्रभात फेरी निकलेगी। हजारों लोग गुलाल उड़ाते हुए हरि संकीर्तन करते हुए प्रभात फेरी में शामिल होंगे। मंडल के जगदीश कोठारी ने बताया कि प्रभात फेरी की तैयारियां पूरी हो चुकी है। उधना में श्रीरामायण प्रचार मंडल की ओर से भी 13 मार्च को सुबह साढ़े छह बजे प्रभात फेरी का आयोजन भराडिय़ा हाउस, आशानगर से किया जाएगा, जो श्रीलाभेश्वर महादेव मंदिर, रणछोडऩगर जाएगी। इसके अलावा अन्य संस्थाओं की ओर से भी शुक्रवार को धुलेटी के मौके पर प्रभात फेरी निकाली जाएगी। इस दौरान हजारों लोग गुलाल उड़ाते हुए हरि संकीर्तन करेंगे।
इको फ्रेंडली होलिका दहन
श्रीश्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से वेसू के श्रीश्याम मंदिर प्रांगण में गुरुवार शाम इको फ्रेंडली होलिका दहन किया जाएगा। ट्रस्ट के सचिव सुशील चिराणिया ने बताया कि रात आठ बजे होलिका दहन किया जाएगा। दहन में कंडे का उपयोग किया जाएगा। इसके अलावा पर्यावरण शुद्धि के लिए होलिका दहन में इलायची, लोंग, कपूर और हवन सामग्री का उपयोग किया जाएगा। श्रीश्याम सेवा ट्रस्ट की ओर से होली स्नेह मिलन समारोह का आयोजन शुक्रवार को किया जाएगा। ट्रस्ट के अध्यक्ष कौशल खंडेलिया ने बताया कि होली के उपलक्ष में ट्रस्ट की ओर से समारोह का आयोजन शाम छह बजे श्रीश्याम मंदिर प्रांगण में होगा। श्यामभक्त बाबा के संग फूलों से होली खेलेंगे और चंग पर भजन-धमाल की प्रस्तुति देंगे।
श्याम संग फूलों की होली
श्रीश्याम भक्त मित्र मंडल की ओर से होली के उपलक्ष में श्याम संग होली का आयोजन शुक्रवार को रिंगरोड पर हरिओम मार्केट के श्रीश्याम मंदिर में किया जाएगा। मंडल के मंदिर प्रभारी संजय अग्रवाल ने बताया कि सुबह नौ बजे से मंदिर परिसर में मंडल के सदस्य भजनों की प्रस्तुति देकर बाबा को रिझाएंगे। उसके बाद सभी सदस्य बाबा श्याम के संग फूल और गुलाल से होली खेलेंगे।
श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव
वेसू में नंदिनी-1 के बी-2 टावर की ओर से श्रीश्याम फाल्गुन महोत्सव मनाया गया। आयोजक परिवार के संजू अग्रवाल ने बताया कि बाबा श्याम का दरबार टावर प्रांगण में सजाकर शाम चार बजे भजन-धमाल की शुरुआत की गई। इसमें परिवार की महिला सदस्य बड़ी संख्या में शामिल रहीं। कार्यक्रम में सभी महिलाएं साफे पहनकर मौजूद थीं।
निशान पदयात्रा आज
श्री सोमोलाई हनुमान मंदिर ट्रस्ट की ओर से फाल्गुन पूर्णिमा के उपलक्ष में निशान पदयात्रा का आयोजन गुरुवार सुबह सवा सात बजे किया जाएगा। ट्रस्ट अध्यक्ष मुकेश प्रजापति ने बताया कि यात्रा भटार में वैभव अपार्टमेंट से निकलेगी। विभिन्न मार्गों से होकर यह रिंगरोड पर श्री सोमोलाई हनुमान मंदिर पहुंचेगी।
महायोग शिविर कल से
नंदन? योग ग सेवा ट्रस्ट की ओर से होली के उपलक्ष में थायराइड, मोटापा, तनाव महामुक्ति महायोग शिविर का आयोजन 2 मार्च से किया जाएगा। 10 मार्च तक प्रतिदिन सुबह सात से साढ़े आठ और शाम 4 से 6 बजे तक शिविर का आयोजन भटार रोड पर मंगलदीप शोपिंग सेंटर में ट्रस्ट कार्यालय में किया जाएगा।
स्नेह मिलन कल
माहेश्वरी समाज का होली स्नेह मिलन समारोह और सांस्कृतिक कार्यक्रम 2 मार्च को शाम छह बजे घोड़दौड़ रोड पर उमरा एसएमसी पार्टी प्लॉट में आयोजित किया जाएगा। पार्टी प्लॉट में प्रवेश कूपन आधारित रखा गया है। शहर में चिह्नित स्थलों से समाज बंधु कूपन प्राप्त कर सकते हैं। समारोह के दौरान समाज के लोग एक-दूसरे को रंगों के पर्व की बधाई देंगे।

Published on:
28 Feb 2018 09:43 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
