
बढ़ रहे एलर्जी व सांस के रोगी
वापी. कई महीने से चल रहे भूगर्भ गटर योजना व बरसाती पानी के निकास के लिए बनाई जा रही ड्रेनेज लाइन के निर्माण की वजह से क्षत विक्षत हो चुके चला दमण मार्ग के कारण सडक़ से आवागमन करने वाले राहगीरों, वाहन चालकों व स्थानीय नागरिकों का बुरा हाल है। इस पूरे कार्य की देखरेख सार्वजनिक निर्माण विभाग के पास होने से नपा प्रशासन व पार्षद भी हस्तक्षेप नहीं कर पा रहे हैं।
जानकारी के अनुसार अब प्राथमिक शाला की ओर से सडक़ निर्माण शुरु कर दिया गया है। इस कार्य से जुड़ी कंपनी राज कंस्ट्रक्शन पहले एक फीट खुदाई करके मजबूत आधार तैयार करके एक बार में एक सौ मीटर सडक तैयार करेगी। एक ओर का काम पूरा होने पर जैसे ही सामने की ओर से बरसाती गटर का काम पूरा होगा, वैसे ही सामने की ओर से सडक़ का काम शुरु होगा। जिस तरह से अभी तक काम चला है उससे तो इस साल तक चला रोड के निवासियों को आंशिक राहत मिलने की ही उम्मीद है।
उड़ती धूल से बढ़ रही बीमारी
बरसात के कारण गड्ढों में तब्दील हुई सडक़ को गिट्टी डालकर ठीक करने का प्रयास किया गया था। लेकिन दिन रात चलने वाले ट्रैफिक की वजह से यहां धूल के गुबार उड़ते रहते हैं। जिससे एक ओर इलाके में एलर्जी व सांस के मरीज बढ़ रहे हैं वहीं सडक़ के किनारे दुकानदार व बिल्डिंगों के निवासी भी परेशान हैं। सुबह सैर पर निकलने वाले लोगों की तादात भी कम हो गई है, प्रमुख रेसिडेंसी निवासी सज्जन सिंघल बताते हैं कि सुबह बाहर निकलकर धूल फांकने की बजाय घर में ही व्यायाम करने लगे हैं। वापी नपा उप प्रमुख विट्ठल पटेल के अनुसार यह कार्य निर्माण विभाग के नियंत्रण में होने के कारण नपा का इसमें कोई रोल नहीं है। शहर के नागरिकों की परेशानी से वे उच्चाधिकारियों को अवगत करा रहे हैं। वर्षा की देरी से भी काम में देरी हुई, अब पूरा प्रयास कर रहे हैं कि काम समय पर व गुणवत्ता के साथ पूरा हो।
Updated on:
22 Sep 2018, 8:50 PM IST
Published on:
22 Sep 2018, 8:50 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.