किसानों को समृद्ध बनाने के लिए राज्य सरकार प्रयत्नशील
वापी. मुख्यमंत्री किसान सहायता योजना एवं कृषि विभाग की नवीनतम योजनाओं की जानकारी किसानों को देने के लिए जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया गया था।
रविवार को पारडी तहसील मुख्यालय में आयोजित इस कार्यक्रम का उद्घाटन करते हुए वन एवं आदिजाति विकास राज्य मंत्री रमण पाटकर ने कहा कि राज्य के सभी किसानों को आर्थिक तौर पर समृद्ध बनाने के लिए राज्य सरकार प्रयत्नशील है। उन्होंने कहा कि प्राकृतिक आपदा के समय किसानों को बहुत ज्यादा नुकसान होता है। किसानों को बर्बाद होने से बचाने के लिए मुख्यमंत्री किसान योजना बनाई गई है। खरीफ फसल के 33 से 60 प्रतिशत तक नुकसान पर 20 हजार, 60 प्रतिशत से अधिक के नुकसान पर 25 हजार प्रति हेक्टेयर की दर से अधिकतम चार हेक्टेयर तक के नुकसान का मुआवजा तय किया गया है। राज्य के छोटे बड़े और सीमांत समेत 86 लाख किसानों को इस योजना का लाभ सरलता से उपलब्ध कराने की व्यवस्था भी की गई है। उन्होंने इस दौरान किसान बीमा योजना, आयुष्यमान योजना समेत किसानों से जुड़ी योजनाओं की जानकारी देते हुए इसका लाभ लेने का आह्वान किया। कलक्टर आरआर रावल ने भी कई योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने कहा कि देश में गाय को माता की तरह पूजन किया जाता है। इसे देखते हुए राज्य सरकार ने पशुपालक किसानों के लिए देश गाय के निभाव खर्च के तौर पर नौ सौ रुपए की सहायता देती है। कार्यक्रम में सांसद डॉ केसी पटेल, विधायक भरत पटेल, पारडी तालुका पंचायत प्रमुख नरेश पटेल, वलसाड तहसील पंचायत प्रमुख प्रियंकाबेन पटेल, जिला विकास अधिकारी अर्पित सागर, कई गांव के सरपंच तथा किसान मौजूद थे।