वापी. मुख्यमंत्री विजय रुपाणी पूर्व प्रधानमंत्री स्व. मोरारजी देसाई के जन्मदिन 29 फरवरी को वलसाड के भदेली गांव में उनकी प्रतिमा का अनावरण करेंगे। भदेली गांव में ही मोरारजी देसाई का जन्म हुआ था। 29 फरवरी को मुख्यमंत्री उनकी आदमकद प्रतिमा के साथ ही कम्यूनिटी हॉल का भी लोकार्पण एवं कई विकास कार्यों का भूमिपूजन भी करेंगे। कार्यक्रम की तैयारी के लिए वलसाड कलक्टर सीआर खरसाण की अध्यक्षता में बुधवार को बैठक हुई। इसमें उन्होंने संबंधित विभाग के अधिकारी को निर्देश दिए। बैठक के बाद कलक्टर ने भदेली गांव जाकर कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण भी किया। इस दौरान विधायक भरत पटेल, कनु भाई देसाई, अरविन्द पटेल, पुलिस अधीक्षक सुनील जोशी, भदेली के सरपंच समेत कई विभागों के अधिकारी भी मौजूद थे।