भरुच. दहेज एवं घोघा के बीच पिछले पांच माह से बंद पड़ी रोपेक्स रो-रो फेरी सर्विस को दोबारा चालू किया जाएगा। नई दिल्ली में शिपिंग मंत्री की अध्यक्षता में वरिष्ठ अधिकारियों के साथ आयोजित बैठक में यह निर्णय किया गया। इसके तहत चौबीस फरवरी से फेरी सर्विस दोबारा से चालू होगी। सरकार की ओर से दहेज बंदरगाह पर ड्रेजिंग कराने का आश्वासन दिए जाने के बाद रो-रो फेरी सर्विस को चलाने वाली कंपनी ने दस मार्च तक दिन में एक ही बार फेरी को चलाने का निर्णय किया है।
भरुच जिले के दहेज एवं भावनगर जिले के घोघा बंदरगाह के बीच वर्ष 2017 में रोपेक्स रो-रो फेरी सर्विस का उद्घाटन प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी ने किया था। फेरी सर्विस के चालू होने के बाद सड़क मार्ग की आठ सौ किमी की दूरी जहाज से मात्र एक घंटे की हो गई थी, जिससे यात्रियों के समय की बचत हो रही थी। दहेज व घोघा बंदरगाह पर ड्रेजिंग का काम नहीं होने से जहाज को चलाने के लिए समुद्र में पांच मीटर गहराई का ड्राफ्ट भी नहीं मिल पा रहा था।
इस कारण कंपनी को घाटा हो रहा था, इसी वजह से पिछले पांच महीने से रो- रो एवं रोपेक्स फेरी सर्विस को बंद कर दिया गया था। कुछ समय पहले नई दिल्ली में शिपिंग मंत्री मनसुख मांडविया ने बैठक कर घोघा- दहेज फेरी सर्विस को फिर से चालू करने का निर्देश दिया। गुजरात सरकार की ओर से दहेज बंदरगाह पर ड्रेजिंग काम करने का आश्वासन दिए जाने के बाद बंद फेरी सर्विस को दोबारा से चालू करने का रास्ता खुल गया है।