
FEE ISSUE : एफआरसी ने फीस तय कर दी, लेकिन पालन नहीं
सूरत.
सूरत जोन की फीस नियामक समिति (एफआरसी) की ओर से फीस तय कर दिए जाने के बावजूद निजी स्कूल मनमानी फीस वसूल रहे हैं। अब तक स्कूलों ने अभिभावकों को अतिरिक्त फीस भी वापस नहीं की है। मामला अदालत में होने का हवाला देकर अभिभावकों को फीस भरने पर मजबूर किया जा रहा है।
फीस का विवाद थमने का नाम नहीं ले रहा है। एफआरसी की ओर से कड़ी कार्रवाई नहीं होने के कारण निजी स्कूल मनमानी कर रहे हैं। एफआरसी के आदेश का पालन नहीं किया जा रहा है। अभिभावकों को स्कूलों की ओर से तय की गई फीस भरने को कहा जा रहा है। अभिभावकों ने एफआरसी की ओर से तय की गई फीस को मान्य रखने की गुजारिश की, लेकिन स्कूल मानने को तैयार नहीं हैं। अभिभावकों ने सोचा था कि शैक्षणिक सत्र 2017-18 की फीस में से बचने वाली अतिरिक्त फीस शैक्षणिक सत्र 2018-19 में काम आ जाएगी, लेकिन स्कूल एफआरसी का आदेश मानने को तैयार नहीं हैं। अभिभावकों को अतिरिक्त फीस अब तक वापस नहीं की गई है। उन्हें दीपावली से पहले फीस भरने का आदेश दिया गया है। अभिभावकों के विरोध करने पर स्कूल संचालक मामला अदालत में होने का हवाला दे रहे हैं। उनका कहना है कि फीस का मामला अदालत में चल रहा है, इसलिए वह अपने हिसाब से फीस वसूलेंगे। फीस नहीं भरने पर बच्चों पर कार्रवाई की चेतावनी दी जा रही है। पहले भी निजी स्कूलों ने बच्चों पर कड़ी कार्रवाई की थी। इस मामले में न तो जिला शिक्षा अधिकारी और न ही एफआरसी की ओर से निजी स्कूलों पर कोई कार्रवाई की गई थी। ऐसे में अभिभावक स्कूल की कार्रवाई को लेकर चिंतित हैं। वह स्कूल की ओर से तय की गई फीस भरने को मजबूर हैं।
स्कूलों की मनमानी के खिलाफ अभिभावकों ने जगह-जगह चक्कर काटे। सोमवार को वह एफआरसी और जिला शिक्षा अधिकारी के पास गए। पुलिस से भी मिले। अभिभावकों का आरोप है कि फीस को लेकर स्कूल संचालक बच्चों को परेशान करते हैं।
Published on:
17 Oct 2018 07:24 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
