
सूरत. फीस को लेकर अभिभावकों के सब्र का बांध टूटने लगा है। अनशन पर बैठे अभिभावक एफआरसी कार्यालय पहुंचे। उन्होंने एफआरसी के कार्य पर नाराजगी जताते हुए नारे लगाए और विरोध प्रदर्शन किया।
फीस के मामले को लेकर अभिभावक एफआरसी के कार्य से संतुष्ट नहीं हैं। सरकार ने इस मामले में निर्णय करने का जिम्मा एफआरसी को सौंपा है। अभिभावकों का आरोप है कि एफआरसी धीमी गति से कार्य कर रही है। सिर्फ उन स्कूलों की फीस पर फैसला किया जा रहा है, जिन्होंने फीस के मामले में प्रपोजल जमा किया है। शहर की कई स्कूलों ने प्रपोजल और एफिडेविट जमा नहीं किए हैं। ऐसे स्कूल आज भी अभिभावकों से मनमानी फीस वसूल रहे हैं। फीस जमा नहीं करने पर विद्यार्थियों के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की जा रही है। विद्यार्थियों को परिणाम नहीं दिया गया और आगे की कक्षा में प्रमोट नहीं किया गया। कई स्कूलों ने विद्यार्थियों को निलंबित कर दिया। इन स्कूलों के खिलाफ जिला शिक्षा अधिकारी और पुलिस में शिकायत की गई। एफआरसी से भी कड़ी कार्रवाई के लिए गुजारिश की गई है, लेकिन किसी स्कूल के खिलाफ कोई कदम नहीं उठाए गए। परेशान अभिभावकों ने अनशन शुरू किया। फिर भी कोई ठोस कार्रवाई नहीं की गई। सोमवार को अभिभावकों के समूह ने एफआरसी कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन कर नाराजगी जताई।
शहर की कई स्कूल मनमानी फीस वसूल रहे हैं। फीस नहीं मिलने पर स्कूलों ने अभिभावकों और बच्चों के खिलाफ कार्रवाई करना शुरू किया है। विद्यार्थियों को स्कूल से निकाल दिया गया है। परीक्षा का परिणाम नहीं दिया गया है। आगे की कक्षा में प्रमोट नहीं किया गया है। बच्चों को कक्षा में पढ़ाने की जगह पुस्तकालय में बिठाकर रखा जाने लगा है। अभिभावकों ने इसे लेकर कई बार विरोध प्रदर्शन किया तथा जिला शिक्षा अधिकारी को ज्ञापन सौंपा। लेकिन किसी भी स्कूल के खिलाफ कोई कार्रवाई नही हुई है। परेशान अभिभावक पिछले सात दिनों से अणुव्रत द्वार पर अनशन कर रहे हैं। लेकिन प्रशासन ने इस पर अभी तक ध्यान नहीं दिया है। एक अभिभावक की हालतखराब हो गई थी। घटना स्थल पर 108 को बुलाया भी गया था। अभिभावकों के अनशन को सात दिन हो चुके हैं, लेकिन अभी तक जिला शिक्षा अधिकारी कार्यालय और शिक्षा विभाग की ओर से कोई कार्रवाई नहीं की गई है। मामला अदालत में चलने की बात कर इस मामले से पल्ला झाड़ा जा रहा है। शहर में पिछले लंबे अरसे से अभिभावक फीस के मामले को लेकर स्कूल संचालकों के खिलाफ मोर्चा खोले हुए हैं। अनशन पर बैठे कई अभिभावकों को प्रदेश कांग्रेस प्रमुख अमित चावड़ा मिलने पहुंचे। अभिभावकों ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस प्रमुख ने अभिभावकों के आंदोलन को समर्थन दिया है।
Published on:
26 Apr 2018 08:16 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
