10 अप्रैल 2026,

शुक्रवार

Patrika Logo
Switch to English
home_icon

मेरी खबर

video_icon

शॉर्ट्स

epaper_icon

ई-पेपर

अहमदाबाद में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने सांसदों के साथ की बैठक

पूर्व रेल राज्यमंत्री नारण राठवा ने सूरत से जुड़ी समस्याओं को उठाया

2 min read
Google source verification
surat photo

अहमदाबाद में पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ने सांसदों के साथ की बैठक

सूरत.

पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक के साथ गुरुवार को अहमदाबाद में सांसदों तथा जन प्रतिनिधियों की बैठक हुई। इसमें पूर्व रेल राज्यमंत्री ने सूरत से जुड़ी कई समस्याओं पर चर्चा की। पूर्व जेडआरयूसीसी सदस्य ने सूरत-महुआ एक्सप्रेस को रोजाना चलाने तथा भावनगर के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग की है।

शहर कांग्रेज के जनरल सेक्रेटरी और पूर्व जेडआरयूसीसी सदस्य हबीब वोहरा ने गुरुवार को अहमदाबाद में पूर्व रेल राज्यमंत्री नारण जे. राठवा को सूरत से जुड़ी मांगों का आवेदन सौंपा। राठवा ने उन्हीं मुद्दों को पश्चिम रेलवे के महाप्रबंधक ए. के. गुप्ता के साथ हुई बैठक में उठाया। इसमें सूरत से महुआ के बीच प्रतिदिन ट्रेन चलाने और सूरत से सीधे भावनगर के लिए ट्रेनों की संख्या बढ़ाने की मांग प्रमुख रही। उन्होंने बताया कि सूरत में बीस लाख सौराष्ट्र समाज के लोग रहते हैं। उधना-जलगांव दोहरीकरण का कार्य पूरा होने के बाद सूरत से नंदूरबार के बीच डेमू ट्रेनों के चलाने की मांग की गई है। सोनगढ़, व्यारा, बारडोली, नवापुर क्षेत्र में रहने वाले लोग बड़ी संख्या में नौकरी के लिए सूरत आते हैं। नई ट्रेन शुरू होने से रोजाना सफर करने वाले हजारों यात्रियों को सुविधा मिलेगी।

कीम और कोसंबा में अहमदाबाद-मुम्बई कर्णावती एक्सप्रेस, अहमदाबाद-मुम्बई एसी डबल डेकर और अहमदाबाद-पुरी एक्सप्रेस का स्टोपेज देने की मांग की गई। उधना रेलवे स्टेशन पर गुजरात एक्सप्रेस, सयाजी नगरी एक्सप्रेस, रणकपुर एक्सप्रेस, दादर-अजमेर एक्सप्रेस, सौराष्ट्र जनता एक्सप्रेस, गांधीधाम एक्सप्रेस का स्टोपेज तथा सूरत में रहने वाले यूपी-बिहार के निवासियों के लिए नई ट्रेन चलाने की मांग भी की गई है।

राजस्थान में सूरत से अजमेर जाने वाले यात्रियों की संख्या अधिक होती है। अजमेर के लिए भी सूरत से नई ट्रेन चलाने की मांग की गई है। उल्लेखनीय है कि, महाप्रबंधक वार्षिक जन प्रतिनिधियों के साथ बैठक करके जनता की समस्याओं को सुनते हैं। अहमदाबाद में गुरुवार को हुई बैठक में एक दर्जन से अधिक सांसद और जीएम के साथ वडोदरा व अहमदाबाद रेल मंडल के वरिष्ठ अधिकारी मौजूद थे।