भीषण गर्मी व पानी की कमी के बीच मई माह खत्म होने पर है। एक ओर मई माह के शुरुआत से मुख्यमंत्री विजय रुपाणी ने जल संचय अभियान की शुरुआत की थी। आज मई माह के अंत में गुजरात की जीवन रेखा माने जाने वाली नर्मदा नदी मैदान में तब्दील हो चुकी है। नर्मदा में पानी सूख जाने से भरुच व नर्मदा जिले के आठ लाख लोगंो पर इसका प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष असर देखने को मिल रहा है। इसके अलावा नर्मदा नदी की अस्मिता, उसके धार्मिक महत्व, लोगों की नदी से जुड़ी भावना, जल व जीव सृष्टि, पर्यावरण, खेती, उद्योग, मत्स्य सहित प्रत्यक्ष व अप्रत्यक्ष रूप से सभी व्यवसाय और अन्य क्षेत्र आज रण में तब्दील बनी नर्मदा से बाधित हो गए हैं। पिछले चार साल से कमजोर मानसून के कारण राज्य सरकार ने उत्तर गुजरात व सौराष्ट्र में नर्मदा के पानी को पहुंचा कर वहां पर सुजलाम सुफलाम को बढ़ाने का काम किया, लेकिन सरदार सरोवर नर्मदा बांध के निचले क्षेत्र में नदी में पानी नहीं छोड़ कर नर्मदा को मृत करने का काम किया गया।