
Train Robbery: कच्छ एक्सप्रेस के लुटेरों का पता नहीं लगा पाई रेलवे पुलिस
वलसाड. डुंगरी के पास गत दिनों कच्छ एक्सप्रेस में आंगडिय़ा कर्मचारी के साथ बंदूक दिखाकर हुई लूट मामले में जीआरपी और आरपीएफ जांच के नाम पर अभी भी अंधेरे में तीर चला रही है। आंगडिय़ा पेढ़ी के कर्मी से 1.41 लाख का सोना और साढ़े पांच लाख रुपए नकद की लूट की गई थी। आंगडिय़ा अमृत कांतिलाल का कर्मचारी प्रवीण राजपूत बैग में सोना और नकद रुपए लेकर सूरत जा रहा था। ट्रेन के डुंगरी के पास पहुंचने पर पासधारक डिब्बे में तीन से चार लुटेरों ने उसे पकडक़र मारा पीटा और बंदूक जैसा हथियार दिखाकर बैग लूटकर फरार हो गए। बदमाश चलती ट्रेन से फरार हो गए थे। नवसारी रेलवे स्टेशन पर इसकी रिपोर्ट दर्ज हुई थी। उस दौरान इसे कुछ लाखों की लूट माना जा रहा था।
बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला
वहीं, शुक्रवार को आंगडिय़ा पेढ़ी ने साढ़े पांच लाख नकद और 1.41 करोड़ का सोना लूट होने की जानकारी पुलिस को दी थी। छह दिन के बाद भी बदमाशों के बारे में कोई सुराग नहीं मिला है। एलसीबी भी इस मामले की जांच में जुटी है और एक आरोपी का स्केच भी जारी किया गया है। जीआरपी शहर के होटल एवं सडक़ के पास लगे सीसीटीवी कैमरे की भी जांच में जुटी है और जल्द लुटेरों के पकड़े जाने का दावा कर रही है। कहा जा रहा है कि बदमाशों ने आंगडिय़ा पेढी से ही कर्मचारी का पीछा किया होगा और पूरी जानकारी एवं रेकी के बाद वारदात को अंजाम दिया गया।
कुंडी गांव में दिनदहाड़े चोरी
वलसाड. वलसाड के कुंडी गांव में दिनदहाड़े एक घर से नकदी और आभूषण चोरी का मामला सामने आया है। डुंगरी थाने में मामला दर्ज कराया गया है। कुंडी गांव के देसाई फलिया निवासी प्रवीण पटेल अपनी पत्नी के साथ पारनेरा में अपनी साली के घर गए थे। वहां से दोपहर को लौटने पर देखा तो घर के अंदर आलमारी खुली थी और खिडक़ी का कांच भी टूटा था। चोरों ने खिडक़ी के रास्ते घर में दाखिल होकर आलमारी में रखे 25 हजार नगद और आभूषण समेत 80 हजार रुपए के माल पर हाथ साफ कर दिया था। शिकायत मिलने पर डुंगरी पुलिस ने एफएसएल और डॉग स्क्वाड के साथ घटना स्थल का निरीक्षण किया। पुलिस आगे की छानबीन में लगी है।
ब्रिज निर्माण के दौरान सरिया गिरने से दो घायल
वलसाड. छीपवाड़ के पास नया अंडरब्रिज निर्माण कार्य चल रहा है। जहां सरिया गिरने से दो मजदूर घायल हो गए और उन्हें उपचार के लिए अस्पताल में भर्ती करवाया गया है। रेलवे द्वारा फ्रेट कॉरिडोर का काम चल रहा है। इसके अंतर्गत छीपवाड़ में अंडरब्रिज बनाने का काम शुरू किया गया है। यहां काम के दौरान कुछ मजदूर सरिया उठाकर दूसरे स्थान पर रखने ले जा रहे थे। इस दौरान सरिया गिरने से दो मजदूर दबकर घायल हो गए। दोनों को सिविल अस्पताल पहुंचाया गया। दोनों की हालत गंभीर बताई गई है। घटना के दौरान कॉन्ट्रेक्टर मौके पर नहीं था।
Published on:
26 Nov 2019, 9:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.