
पानी की खेती में सूरत मनपा की लंबी छलांग
विनीत शर्मा
सूरत. शहर में पानी की खेती में सूरत महानगर पालिका ने लंबी छलांग लगाई है। पिछले दो साल में रेन वाटर हार्वेस्टिंग से एक्वीफर में 33.24 मिलियन लीटर पानी जमा कर लिया गया है, जो एक बड़ी आबादी की एक दिन की प्यास बुझाने के लिए पर्याप्त है। इस रिजर्ववायर से पूरे वापी शहर के लिए एक दिन या बारडोली में लगातार तीन दिन तक पानी की आपूर्ति की जा सकती है। शहर में ही लोगों को पानी देना हो तो विश्व स्वास्थ्य संगठन के मानकों के मुताबिक पौने आठ लाख लोगों की जरूरत को पूरा किया जा सकता है। मनपा ने यह उपलब्धि महज 30 रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्वाइंट्स से हासिल की है। गुजरात में इस तरह का अभिनव प्रयोग कर यह उपलब्धि हासिल करने वाली सूरत अकेली महानगर पालिका है।
भविष्य में पानी की जरूरत को देखते हुए सूरत महानगर पालिका का हाइड्रोलिक विभाग विभिन्न स्तरों पर काम कर रहा है। पानी की बर्बादी रोकने के लिए उषा मंगेशकर से जिंगल गवाकर उसे अधिकारियों के मोबाइल की रिंगटोन बनाने के साथ ही पानी के लिए वाटर पॉलिसी तैयार की गई। इसी पॉलिसी को मॉडल बनाते हुए राज्य सरकार ने अपनी जल नीति तैयार की थी। इसके अलावा वर्ष 2040 की जरूरतों के साथ ही तापी नदी की हाइड्रोलॉजी को समझने के लिए हैलीबॉर्न सर्वे कराया गया। इससे नदी के नीचे एक्वीफर स्पॉट्स चिन्हित हुए। यह रिपोर्ट भविष्य में टाउन प्लानिंग और विकास के दूसरे प्रोजेक्ट्स में भी काम आएगी।
मनपा प्रशासन ने घटते भूजल स्तर को बनाए रखने और इसे बढ़ाने के लिए पानी की खेती शुरू की थी। इसके लिए जगह-जगह रिचार्ज बोर बनाकर रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्रोजेक्ट शुरू किया गया। शहरभर में लगे ३० रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्वाइंट से मनपा प्रशासन ने दो साल में जमीन के भीतर एक्वीफर में ३३.२४ मिलियन लीटर पानी जमा कर लिया है। शहर के सभी रेनवाटर हार्वेस्टिंग प्वाइंट से यह डाटा रेजिलिएंस स्टार्टा ने तैयार किया है, जिसे एसवीएनआइटी के सिविल इंजीनियरिंग विभाग ने वेरिफाइ किया है।
कोशिश रंग लाई
हमने शहर में गिरते भूजल स्तर को थामने के लिए रेन वाटर हार्वेस्टिंग के लिए कोशिश शुरू की थी। दो साल में भूजल स्तर तो बढ़ा ही, ३० रिचार्ज प्वाइंट्स से एक्वीफर में जलभंडार भी समृद्ध हुआ है। मनपा भविष्य में और रेन वाटर हार्वेस्टिंग प्वाइंट तैयार करेगी।
के.एच. खटवाणी, एडीशनल सिटी इंजीनियर, सूरत मनपा
Updated on:
02 Oct 2018 09:24 pm
Published on:
03 Oct 2018 07:07 am
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
