वापी. वापी नगर पालिका एक तरफ कोरोना संकट काल में करोड़ों रुपए टैक्स संग्रहण करने को लेकर अपनी वाहवाही लूट रही है, परंतु दूसरी तरफ खराब मार्गों को दुरुस्त करने की सुध नहीं ले रही है। इसका खामियाजा लोग परेशान होकर उठा रहे हैं।
नए रेलवे अंडरब्रिज से कुछ दूरी पर रिंग रोड के बीच में बना गड्ढ़ा वाहन चालकों के लिए कभी भी जानलेवा हादसे का सबब बन सकता है। इस मार्ग पर कई नई आवासीय इमारतें बन गई हैं और कई बन रही हैं। इससे रोजाना सैकड़ों लोगों का आवागमन होता है। रात में यहां स्ट्रीट लाइट का अभाव रहने से मार्ग के बीच का गड्ढ़ा पता नहीं चल रहा। गड्ढ़े के आसपास की सड़क भी धंस गई है। बरसात होने पर यहां पानी भरा रहने से भी लोगों को इसका पता नहीं चलता। रविवार को भी एक वैन इसमें फंस गई। जिसे लोगों की मदद से निकाला गया। इस दौरान स्थानीय लोगों ने बताया कि कुछ दिन पहले ही गड्ढ़े में बाइक धंसने से पति के साथ अस्पताल जा रही गर्भवती महिला घायल हो गई थी, जिसे अस्पताल में भर्ती करना पड़ा था। लोगों ने बताया कि कई बाइक चालक और टेम्पो वाले इस गड्ढ़े से गंभीर हादसे होते-होते बचे हैं। लोगों का आरोप है कि इसकी शिकायत नगर पालिका अधिकारी व प्रमुख से भी फोन पर की गई। लेकिन गड्ढ़े को भरने या टूटी सड़क की मरम्मत नहीं हुई। आगामी दिनों में स्थानीय लोगों इसके खिलाफ नपा कार्यालय पर विरोध प्रदर्शन करने का मन बना रहे हैं।