
सूरत. तालाबों को लेक गार्डन के रूप में विकसित करने के मनपा के प्रोजेक्ट के दौरान वर्ष 2000 में अलथाण गांव के ताबाल को भी लेक गार्डन के तौर पर विकसित किया गया। 40503.22 स्क्वायर मीटर क्षेत्र में फैले इस गार्डन का 29 मार्च, 2000 को लोकार्पण किया गया। यहां सैर-सपाटे के लिए आने वाले लोगों के आकर्षण के लिए बोटिंग, खेल-कूद के उपकरण, पाथवे, पक्षियों के घर, वाटर हट, डायनोसर की प्रतिकृतियां रखी गई हैं।
इतनी सुविधाओं के बावजूद लोग इस गार्डन में जाना पसंद नहीं करते। इसकी वजह तालाब की अनदेखी है। तालाब के पानी में काई जम गई है, जो भविष्य में जलकुंभी का रूप ले सकती है। काई और गंदगी के कारण पानी से बदबू आती है। ऐसे में लोग बोटिंग करना पसंद नहीं करते। जब बोट चलानी होती है, बोट चलाने वालों को पहले काई हटानी पड़ती है।
तापी से निकाली जलकुंभी
राज्य सरकार की ओर से शुरू किए गए जल संचय अभियान के तहत दूसरे दिन बुधवार को सूरत मनपा ने जन भागीदारी के साथ तापी शुद्घिकरण अभियान जारी रखा। इसके साथ ही उगत तालाब और खाडिय़ों की सफाई भी की गई।
मनपा टीम बुधवार सुबह कतारगाम वाटर वक्र्स के समीप तापी किनारे पहुंची। विधायक अरविंद राणा और अन्य लोगों की मौजूदगी में दूसरे दिन अभियान की शुरुआत हुई। दिनभर में तापी नदी से ७९५ घनमीटर जलकुंभी हटाई गई। इस कार्य में एक पोकलेन मशीन, छह जेसीबी मशीन, चार टे्रक्टर, नौ डम्पर और दो डिवीडर मशीन लगाई गईं। इसके अलावा तालाबों की सफाई का काम हाथ में लिया गया। इसके तहत उगत बोटोनिकल गार्डन के तालाब में ३९६ लोगों ने सहयोग किया। इस दौरान विधायक पूर्णेश मोदी, उपमहापौर शंकर चेवली, प्रवीण घोघारी और पार्षदों के साथ 18 स्वयंसेवकों ने श्रमदान किया।
सुजलाम सुफलाम जल अभियान के तहत कतारगाम और अठवा जोन से गुजरने वाली खाडिय़ों की 610 मीटर तक सफाई की गई। विभिन्न जोन में पानी की बर्बादी करने वाले 59 लोगों को नोटिस दिया गया। शहर में अलग-अलग जगह जलापूर्ति नेटवर्क में 37 लीकेज रिपेयर किए गए। हाइड्रोलिक टीम ने दिनभर 15 रिचार्ज बोरवेल की भी सफाई की।
अवैध निर्माण ढहाया
मनपा की वराछा जोन टीम ने टीपी 24 में वृंदावन सोसायटी स्थित सीओपी की जगह पर बने अवैध निर्माण को ढहाने की कार्रवाई की। यहां से मनपा टीम ने संपत्ति मालिक से दो लाख रुपए प्रशासनिक शुल्क और 50 हजार रुपए का डिमोलिशन चार्ज वसूला। मनपा टीम ने 15 दिसंबर को भी इसी जगह कार्रवाई करते हुए अवैध निर्माण ढहाया था। अठवा जोन टीम ने अठवालाइंस मेन रोड पर दो अलग-अलग मामलों में मिट्टी भरे ट्रकों पर कार्रवाई करते हुए 35 हजार रुपए का चार्ज वसूला। बताया गया कि इन ट्रकों में भरी मिट्टी सड़क पर गिर रही थी।

Published on:
02 May 2018 10:01 pm
बड़ी खबरें
View Allसूरत
गुजरात
ट्रेंडिंग
