
SMC : नगर प्राथमिक शिक्षा समिति ने बदला परीक्षा का समय पत्रक
सूरत.
राज्य के सरकारी प्राथमिक स्कूलों की शिक्षा की गुणवत्ता में सुधार करने के लिए राज्य प्राथमिक शिक्षा विभाग ने एक समान परीक्षा प्रणाली लागू करने का फैसला किया है। इसके अनुसार राज्य की सभी सरकारी प्राथमिक स्कूलों में एक समान प्रश्नपत्र दिए जाएंगे। जिस तरह राज्यभर में बोर्ड की परीक्षा होती है, वैसे ही प्राथमिक स्कूलों में परीक्षा होगी। प्राथमिक शिक्षा विभाग के आदेशानुसार सूरत मनपा संचालित नगर प्राथमिक शिक्षा समिति ने अपने परीक्षा समय पत्रक में बदलाव कर लिया है। 24 अक्टूबर से ही सूरत नगर प्राथमिक शिक्षा समिति स्कूलों में परीक्षा शुरू होगी। राज्य की सभी सरकारी प्राथमिक शाला में निर्धारित समय पर एक समान प्रश्नपत्र के साथ प्रथम आंतरिक परीक्षा की शुरुआत होगी।
सूरत महानगर पालिका संचालित नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की स्कूलों में पहले 22 अक्टूबर से परीक्षा शुरू होने वाली थी। जब प्राथमिक शिक्षा विभाग ने आदेश जारी किया तब स्कूलों ने नवरात्र वेकेशन शुरू हो गया था। जैसे ही नवरात्र वेकेशन पूर्ण हुआ समिति ने अपनी परीक्षा के समय में बदलाव किया है। प्राथमिक शिक्षा विभाग के आदेशानुसार अन्य सरकारी प्राथमिक स्कूलों के साथ ही 24 अक्टूबर से सूरत की नगर प्राथमिक शिक्षा समिति स्कूलों में परीक्षा शुरू होगी। प्रश्नपत्र गांधीनगर से आएंगे। कक्षा 3 से 5 में पढऩे वाले विद्यार्थियों को जो प्रश्नपत्र दिया जाएगा, उसमें उत्तर लिखने की व्यवस्था होगी। कक्षा 6 से 8 के विद्यार्थियों को जवाब लिखने के लिए अलग से उत्तर पुस्तिका दी जाएगी। परीक्षा के लिए निरीक्षकों को भी नियुक्त कर लिया गया है।
पहली बार हो रही है ऐसी परीक्षा
&राज्य प्राथमिक शिक्षा विभाग के आदेशानुसार समिति स्कूल में परीक्षा हो रही है। 24 अक्टूबर से एक साथ राज्य के सभी प्राथमिक स्कूलों में परीक्षा होगी। परीक्षा को लेकर प्राथमिक शिक्षा विभाग ने जो नियम बनाए है, उन सभी का पालन किया जाएगा। स्कूल के शिक्षकों को अन्य स्कूलों में निरीक्षक का जिम्मा सौंप दिया गया है।
विमल देसाई, शासनाधिकारी, नगर प्राथमिक शिक्षा समिति
24 से परीक्षा और 25 को प्रतियोगिताएं
नगर प्राथमिक शिक्षा समिति की स्कूलों में राज्य प्राथमिक शिक्षा विभाग के आदेशानुसार 24 अक्टूबर से परीक्षा शुरू हो रही है, यह परीक्षा 29 अक्टूबर तक चलेगी। इस बीच सूरत महानगर पालिका ने सरकार पटेल की जयंती के उपलक्ष में 25 अक्टूबर को प्रतियोगिताएं आयोजित की हैं। इसमें नगर प्राथमिक शिक्षा समिति के विद्यार्थियों को भी हिस्सा लेना है। 25 अक्टूबर को कक्षा 5 से 8 के विद्यार्थियों के लिए सुलेखन स्पर्धा, 1 से 4 के विद्यार्थियों के लिए वेशभूषा प्रतियोगिता और कक्षा 8 से 12 के विद्यार्थियों के लिए निबंध प्रतियोगिता आयोजित की है। अब विद्यार्थी परीक्षा देंगे या प्रतियोगिता में हिस्सा लेंगे, यह प्रश्न खड़ा हुआ है।
Published on:
22 Oct 2018, 7:29 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.