शहर में भागल, चौटा पुल, भटार, घोड़दौड़ रोड, उधना, लिम्बायत, सिटीलाइट, वेसू समेत कई जगह पिचकारियों और रंगों के स्टॉल लग गए हैं। ग्राहकों को लुभाने के लिए स्टॉल मालिक तरह-तरह की पिचकारियां लेकर आए हैं। इस बार रंग उड़ाने वाली पिचकारी लोगों की पहली पसंद बनी हुई है। आम तौर पर पिचकारियों में पानी या रंग वाला पानी भरकर उड़ाया जाता है, लेकिन इस पिचकारी में सिर्फ रंग भरा जाता है, जिसे हवा के दवाब से उड़ाया जाता है। इसमें रंग आसानी से भरा जा सकता है। पिचकारियों के स्टॉल पर तरह-तरह की गन पिचकारियां भी हैं। बच्चों को गन काफी पसंद हैं, इसलिए विभिन्न तरह की गन वाली पिचकारियां बाजार में उतारी गई हैं। वजन में हल्की होने के कारण बड़ी पिचकारियां भी बच्चों के लिए खरीदी जा रही हैं। इनमें एयर गन, शोट गन, पिस्टल, मशीन गन वाली पिचकारियां शामिल हैं।