छीपवाड़ अंडरब्रिज में छाया रहता है अंधेरा
वलसाड. शहर में कई जगहों पर अंधेरा छाया रहने से लोगों को परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। छीपवाड़ अंडरब्रिज में भी अंधेरा रहने से परेशान लोगों ने लाइट चालू करने की मांग की है। कई दिनों से हो रही बरसात ने नगर पालिका के दावे की पूरी पोल खोल दी है। गंदगी से लेकर कई इलाकों में लाइट न रहने की समस्या से लोग दो चार हो रहे हैं।
धरमपुर रोड पर रात में वाहनों पर बैठे जानवर अंधेरे में नहीं दिखने पर हादसे हो रहे हैं। कई शॉपिंग सेन्टर में लाइट न रहने से कई अवैध काम होने का आरोप लोग लगा रहे हैं। छीपवाड़ अंडरब्रिज से सांढपोर, पारडी, गुंदलाव, लीलापोर, धमडाची समेत कई गांव समेत अन्य स्थानों हजारों लोगों का आवागमन होता है। रात में यहां लाइट न होने से लोगों को कई समस्याओं का सामना करना पड़ रहा है। रात में महिलाओं से छेडख़ानी और लूट की आशंका रहती है। नगर पालिका से लोगों ने यहां लाइट चालू करने की मांग की, लेकिन अभी तक नगर पालिका गंभीर नहीं दिख रही है। नपा के इलेक्ट्रिक विभाग के कर्मचारियों ने बताया कि दो कर्मचारी कोरोना के कारण अस्पताल में हैं और अन्य भी टेस्ट करवाने में लगे हैं। स्टाफ के अन्य लोगों को इसके लिए सूचना दे दी गई है।