वापी. वलसाड जिले में वापी तहसील में सबसे ज्यादा व्यक्ति कोरोना से संक्रमित हुए हैं। हालांकि पिछले कुछ दिनों से कोरोना के केस कम हो रहे हैं। आरोग्य विभाग ने समय रहते कोरोना के मरीजों का पता लगाने के लिए तहसील में 3.76 लाख लोगों की थर्मल स्क्रीनिंग का काम पूरा किया है। वापी में कोरोना के सबसे ज्यादा मरीज सामने आने के बाद आरोग्य विभाग ने घर-घर सर्वे शुरू किया था। तीन माह में स्वास्थ्यकर्मियों ने शहरी, ग्रामीण और औद्योगिक विस्तार में 3.76 लाख लोगों की तीन माह में सात बार स्क्रीनिंग की गई। इसका उद्देश्य कोरोना का लक्षण पता कर समय रहते उपचार शुरू करना था। स्क्रीनिंग के दौरान शंकास्पद लक्षण वाले व्यक्ति को अस्पताल भेजा जाता है। रोजाना इसकी रिपोर्ट भी तैयार होती है। तहसील में अभी तक कुल 3786 एन्टीजन टेस्ट किया गया। इसमें से 155 की रिपोर्ट पॉजिटिव आई थी। हाल के दिनों में एसओपी के अनुसार उद्योगों में कोरोना गाइडलाइन का पालन कराने के लिए सर्वेलन्स टीम भी गठित की गई है। तालुका आरोग्य अधिकारी डॉ. संदीप नायक के अनुसार इसका असर दिख रहा है और धीरे-धीरे तहसील में कोरोना के मामले कम हो रहे हैं। आरोग्य विभाग के अनुसार तहसील में घर बैठे उपचार, 60 वर्ष से अधिक उम्र के मरीजों को घर बैठे दवा पहुंचाना, 18 धन्वंतरी रथ, 15 विशेष टीम और 98 पीएसची की टीम लगातार सर्वे कर रही है।