सूरत. आइपीएल के क्रिकेट मैचों पर सट्टा खेलने के चक्कर में कर्ज तले डूबे हीरा कंपनी के एक प्रबंधक ने तापी नदी में कूद कर जान दे दी। वहीं अन्य एक मामले में हीरा व्यवसाय से जुड़े एक व्यक्ति ने भी कर्ज से परेशान होकर आत्महत्या कर ली।
पुलिस के मुताबिक वराछा रेशमभवन अपार्टमेंट निवासी और हीरा कंपनी में मैनेजर किशोर वेलजी देलवाडिय़ा (49) का शव शनिवार सुबह अमरोली-उत्राण के बीच तापी नदी से मिला। मौके पर पहुंची पुलिस ने शव का कब्जा लेकर जांच के लिए अस्पताल भेज दिया। मृतक की जेब से मिले मोबाइल फोन से पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया। प्राथमिक जांच में पता चला है कि किशोर 11 सितम्बर से लापता था। उसे क्रिकेट सट्टा खेलने का शौक था और आइपीएल के दौरान वह पांच लाख रुपए हार गया था, जिससे उस पर कर्ज होने से वह परेशान रहता था।