
Ambikapur: सीनियर्स की दबंगई! रैगिंग के नाम पर 11वीं के दो छात्रों से मारपीट(photo-patrika)
Ambikapur: छत्तीसगढ़ के सरगुजा जिले के अंबिकापुर स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय के हॉस्टल में 11वीं कक्षा के दो छात्रों के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। आरोप है कि 12वीं कक्षा के छात्रों ने रैगिंग के दौरान लोहे के कड़े से दोनों छात्रों के सिर पर हमला किया। हमले में दोनों छात्र गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर बेहोश हो गए। घटना की जानकारी परिजनों को पुलिस थाने में शिकायत के बाद मिली, जिसके बाद उन्होंने स्कूल प्रबंधन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए कार्रवाई की मांग की है।
मामला गांधीनगर थाना क्षेत्र स्थित प्रयास आवासीय विद्यालय का है। जानकारी के अनुसार, 3 सितंबर की रात करीब 11:30 बजे से 12 बजे के बीच हॉस्टल में 12वीं कक्षा के कुछ छात्रों ने 11वीं कक्षा के दो छात्रों के साथ कथित तौर पर रैगिंग की। इसी दौरान दोनों छात्रों के सिर पर लोहे के कड़े से हमला किया गया। मारपीट में दोनों छात्र लहूलुहान होकर मौके पर बेहोश हो गए।
परिजनों का आरोप है कि घटना के बाद दोनों छात्रों के घायल होने के बावजूद हॉस्टल प्रबंधन ने उन्हें घटना की जानकारी नहीं दी। परिजनों को मामले का पता तब चला, जब घटना को लेकर पुलिस थाने में शिकायत की गई। इसके बाद उन्होंने स्कूल प्रबंधन पर गंभीर लापरवाही का आरोप लगाते हुए पूरे मामले की निष्पक्ष जांच और दोषियों के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।
मामले में पुलिस शिकायत के बाद चार नाबालिग छात्रों के खिलाफ अपराध दर्ज किया गया है। पुलिस द्वारा मामले में आगे की विधिवत कार्रवाई की जा रही है। घटना सामने आने के बाद विद्यालय में पढ़ने वाले अन्य छात्रों के बीच भी डर का माहौल बताया जा रहा है। वहीं, अभिभावक अपने बच्चों की सुरक्षा को लेकर चिंतित हैं।
घायल छात्र प्रशांत के पिता अजय कुमार मार्को ने बताया कि उनके बेटे ने फोन कर घटना की जानकारी दी थी। बेटे ने बताया कि हॉस्टल में सीनियर छात्रों ने रैगिंग के दौरान उसके साथ मारपीट की। पिता का आरोप है कि घटना के बाद हॉस्टल अधीक्षक और प्राचार्य ने उन्हें इसकी जानकारी नहीं दी। उन्होंने मामले की निष्पक्ष जांच कर दोषियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
Updated on:
05 Sept 2026 01:29 pm
Published on:
05 Sept 2026 01:29 pm
