
थाना कुड़ीला।
पुलिस मौके पर, मासूम से दुराचार होने की बात आ रही सामने
टीकमगढ़. जिले के कुड़ीला थाना क्षेत्र में एक 4 साल के मासूम की हत्या का मामला सामने आया है। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव फैला हुआ है। मासूम का शव उसके घर से 500 मीटर दूर झाड़ियों में पड़ा मिला। पुलिस ने शव को जब्त कर जांच शुरू कर दी है। मौके पर पहुंचे एसडीओपी राहुुल कटरे ने डॉक्टरों की पैनल से पोस्टमार्टम कराकर आगे की कार्रवाई करने की बात कही है। इस मामले में मासूम से दुराचार होने की बात भी सामने आ रही है।
कुड़ीला थाना क्षेत्र में झाड़ियों में मिले मासूम के शव के बाद सनसनी फैल गई। सूचना मिलते ही पुलिस बल के साथ ही एसडीओपी राहुल कटरे, एफएसएल टीम के साथ ही फिंगर प्रिंट एक्सपर्ट की टीम मौके पर पहुंची और घटना की जांच शुरू कर दी है। पुलिस ने पंचनामा बनाकर शव को कब्ज में कर जिला अस्पताल पहुंचा दिया है। यहां पर शिशु चिकित्सक के साथ तीन डॉक्टरों की पैनल से उसका पोस्टमार्टम कराया जाएगा। इसके बाद पुलिस आगे की कार्रवाई करेंगी।
मौके पर पहुंचे एसडीओपी राहुल कटरे ने बताया कि मासूम के सिर और गले में चोट के निशान है। मासूम का शव झाड़ियों में पड़ा था। ऐसे में पुलिस इसे हत्या मान रही है। वहीं पुलिस ने पोस्टमार्टम के बाद ही इस मामले में कुछ भी स्पष्ट रूप से कहने की बात कही है।
मासूम के परिजनों ने बताया कि वह मंगलवार की सुबह 11 बजे से घर से गायब था। शाम 5 बजे जब उसके पिता घर आए तो उन्होंने मासूम के बारे में पता किया और पूरा परिवार उसे खोजने में जुट गया। सुबह 5 बजे परिजनों को उसका शव घर से 500 मीटर दूर गांव के पास एक खेत में झाड़ियों में पड़ा मिला। इसके बाद पुलिस को सूचना दी गई।
Updated on:
14 May 2025, 12:24 PM IST
Published on:
14 May 2025, 12:24 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.