
भाजपा की विकास यात्रा में बार बालाओं के डांस का सहारा, नेताजी ने भी जमकर लगाए ठुमके, वीडियो वायरल
मध्य प्रदेश में इसी साल विधानसभा चुनाव होने हैं। ऐसे में कांग्रेस के केंद्रीय नेतृत्व की 'भारत जोड़ो यात्रा' और प्रदेश नेतृत्व की 'हाथ से हाथ जोड़ो यात्रा' के बाद मध्य प्रदेश की भाजपा सरकार द्वारा 'विकास यात्रा' निकाली जा रही है। भाजपा की ये विकास यात्रा 5 फरवरी से शुरू हुई है, जो 25 फरवरी तक प्रदेश के अलग - अलग विधानसभा क्षेत्रों से गुजरेगी। हालांकि, भाजपा की इस यात्रा को कहीं समर्थन तो कहीं विरोध का सामना करना पड़ रहा है। ऐसे में लोगों को रिझाने के लिए भाजपाई अलग - अलग तरीकों का सहारा ले रहे हैं। इसी बीच मध्य प्रदेश के निवाड़ी जिले में विकास यात्रा को सफल बनाने के लिए बार बालाओं तक का सहारा लिया गया है। यात्रा के दौरान बार बालाओं का ठुमके लगाते वीडियो वायरल हो रहा है, जिसपर एक बार फिर कांग्रेस को तंज कसने का मौका मिल गया है।
कुछ वर्ष पूर्व ही मध्य प्रदेश के टीकमगढञ जिले से अलग होकर बने निवाड़ी जिले में भाजपा विधायकों द्वारा कुछ अलग ही अंदाज में सरकार की विकास यात्रा लोगों को देखने को मिल रही है। यहां अलग -अलग गांव और स्कूलों में बार बालाओं, राई नृत्य का आयोजन कराया जा रहा है। इस नृत्य को देखकर लोगों द्वारा प्रतिक्रिया दी जा रही है कि, भाजपा विधायकों ने अपने कार्यकाल के दौरान पांच वर्षों में विकास का कोई काम किया नहीं और अब जनता को लुभाने के लिए दोनों भाजपा विधायक बार बालाओं को नचाने तक में पीछे नहीं हट रहे हैं।
सोशल मीडिया पर जिले के दो वीडियो वायरल
बता दें कि, सोशल मीडिया पर सिर्फ निवाड़ी जिले से भाजपा की विकास यात्रा के दो वीडियो जमकर वायरल हो रहे हैं। इनमें से एक वीडियो में कुछ बार बालाएं मंच पर डांस करती दिखाई दे रही हैं तो उसी मंच के पीछे पृथ्वीपुर विधायक शिशुपाल यादव के साथ साथ मुख्यमंत्री शिवराज सिंह चौहान और प्रधानमंत्री मोदी का पोस्टर लगा हुआ है। वहीं, दूसरी वीडियो में जनपद सदस्य प्रतिनिधि बार बालाओं के साथ जमकर ठुमके लगाते नज़र आ रहे हैं।
कांग्रेस का हमला
वीडियो सामने आया तो कांग्रेस को भी हमलावर होने का मौका मिल गया। मामले को लेकर कांग्रेस जिलाअध्यक्ष प्रकाश दांगी ने कहा कि, प्रदेश के मुख्यमंत्री ने विधायक खरीद फरोख्त से सरकार बनाई, लेकिन विकास के नाम पर जीरो कर दिया। सीएम बस हर जगह नारियल फोड़ने में लगे हैं। जिले में विकास के नाम पर बड़े - बड़े घोटाले हुए तो वहीं, जिले के अफसरों से लेकर कर्मचारियों तक को विकास यात्रा में जनता जोड़ने का काम दे डाला। बावजूद इसके जनता जुड़ नहीं रही तो बार बालाओं से अश्लील डांस करवाकर विकास यात्रा से जोड़ने की कोशिश की जा रही है।
Published on:
13 Feb 2023 06:09 pm
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
