
mp news: मध्यप्रदेश के टीकमगढ़ में एक 15 साल की नाबालिग को प्यार के जाल में फंसाकर रेप और ब्लैकमेलिंग का सनसनीखेज मामला सामने आया है। पीड़िता आरोपियों के जाल में इस कदर फंस चुकी थी कि अपने घर के जेवरात तक चुराकर उसने दरिंदों को दे दिए और तीन बार अपनी जान लेने की कोशिश तक की। करीब एक साल पहले नाबालिग को दो युवक हवेली रोड स्थित एक होटल में ले गए थे जहां एक युवक ने उसके साथ रेप किया था और दूसरे ने रेप का वीडियो बनाया था।
आरोपी युवकों के नाम रोहित साहू व विशाल साहू बताए जा रहे हैं जिनकी उम्र 20 और 22 साल है। रेप का वीडियो बनाने के बाद आरोपियों ने नाबालिग को ब्लैकमेल करना शुरू किया और उसके साथ कई बार ज्यादती करने के साथ ही पैसे और जेवरात भी ले लिए। वीडियो वायरल होने के डर से नाबालिग ने पहले तो अपने पास से पैसे आरोपियों को दिए और फिर घर से जेवरात चोरी कर भी आरोपियों को दिए। बच्ची घर से चोरी से अपनी मां का मंगलसूत्र, सोने की तीन अंगूठी, कान के टॉक्स, सोने के दो गुरिया, नाक की कील सहित अन्य सामान आरोपियों को दे चुकी है।
पीड़िता के पिता ने बताया कि इस जाल में फंस कर पिछले 5 माह से बेटी परेशानी के कारण बीमार रहने लगी। कई बार उससे पूछा लेकिन उसने कुछ नहीं बताया। ऐसे में एक बार उसने अपने हाथ की कलाई काटी तो एक बार कोहनी के ऊपर कट कर आत्महत्या का प्रयास किया। एक बार तो वह तालाब पर चली गई थी। इस पर भी हमेशा उससे प्यार से पूछते रहे, लेकिन वह कुछ न बोली। तीन दिन पहले पनी मां को उसने रोकर पूरी घटना बताई।
परिजनों ने बताया कि आरोपी रोहित साहू एवं विशाल साहू अपने साथियों के साथ उसे ब्लैकमेल करते थे। यह लोग उससे रुपए लेने के लिए दूसरे नंबरों से स्कैनर देते थे। यह स्कैनर पंजाब सहित अन्य दूसरी जगहों के होते थे। बताया जा रहा है कि यह लोग मासूम से डेढ़ से दो लाख रुपए नकद भी ले चुके थे। पुलिस ने इन आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है।
वहीं इस मामले में कोतवाली पुलिस पर भी आरोप लगाए गए हैं। लोगों ने बताया कि इतना गंभीर मामला होने के बाद भी कोतवाली पुलिस ने दो दिन मासूम और उनके परिजनों को बुलाया, लेकिन कायमी नहीं की। परिजनों ने बताया कि शुक्रवार को पुलिस ने बेटी के सामने ही आरोपी के साथ मारपीट शुरू कर दी और उसके बयान को लेकर आपत्ति दर्ज करती रही। ऐसे में बेटी परेशान होकर गश खाने लगी थी। इसके बाद परेशान परिजनों ने अपने परिचितों को सूचना दी और एसपी से मुलाकात की।
Updated on:
1 Mar 2025, 9:40 PM IST
Published on:
1 Mar 2025, 9:39 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.