
MP NEWS: मध्यप्रदेश के सीधी में एक नाबालिग लड़की ने एक तरफा प्यार से तंग आकर जहर खाकर खुदकुशी कर ली। जहर खाने के बाद नाबालिग को अस्पताल में भर्ती कराया गया था जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। नाबालिग ने एक सुसाइड नोट भी छोड़ा है जिसमें उसने लिखा है एक युवक की छेडख़ानी से तंग आकर वह आत्महत्या का कदम उठा रही है, पापा उसे और उसकी मां को छोड़ना नहीं। सोसाइड नोट बरामद होने के बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।
15 साल की छात्रा को आकाश उर्फ मोहित सिंह नाम का युवक लंबे समय से परेशान कर रहा था। जब वह स्कूल जाती थी तो रास्ता रोककर मोहित उसके साथ छेड़खानी करता था, आए दिन मोहित के द्वारा परेशान किए जाने के कारण नाबालिग ने पिता को मोहित की हरकतों के बारे में बताया था। पिता ने मोहित को समझाया भी लेकिन वो नहीं माना। जिसके कारण नाबालिग छात्रा ने स्कूल जाना ही बंद कर दिया था।
पीड़िता और उसके पिता ने मोहित के द्वारा परेशान किए जाने की शिकायत दो महीने पहले चुरहट थाने में भी की थी। लेकिन तब आरोपी युवक मोहित की मां ने नाबालिग के पिता पर दबाव बनाया और उन्होंने शिकायत वापस ले ली थी। इसके बाद भी मोहित अपनी हरकतों से बाज नहीं आया और नाबालिग को परेशान करता रहा। जिससे तंग आकर नाबालिग ने 21 फरवरी को जहर खा लिया था। तबीयत बिगड़ने पर उसे परिजन ने अस्पताल में भर्ती कराया था जहां इलाज के दौरान 27 फरवरी की सुबह उसकी मौत हो गई।
नाबालिग छात्रा ने सुसाइड करने से पहले जो सुसाइड नोट लिखा है उसमें लिखा है कि पापा आकाश उर्फ मोहित और उसकी मां को मत छोड़ना मैं उनके कारण ही आत्महत्या कर रही हूं। उसने लिखा है कि वो जब भी आकाश की शिकायत उसकी मां से करती थी तो आकाश की मां उसे गालियां देती थी, मेरी मौत के बाद उन दोनों को मत छोड़ना। सुसाइड नोट बरामद होने के बाद पुलिस कार्रवाई में जुटी हुई है।
Updated on:
2 Mar 2025, 8:03 PM IST
Published on:
27 Feb 2025, 9:35 PM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.