टीकमगढ़Published: Jun 19, 2018 10:51:41 am
anil rawat
एक मुस्लिम युवक द्वारा पुत्री पर धर्मपरिवर्तन कर विवाह करने के दबाव बनाने से परेशान पीडि़त पिता ने फंदा लगाया था
टीकमगढ़/पृथ्वीपुर.एक मुस्लिम युवक द्वारा पुत्री पर धर्मपरिवर्तन कर विवाह करने के दबाव बनाने से परेशान पीडि़त पिता ने फंदा लगाकर अपनी जीवनलीला समाप्त कर ली। इस बात की सच्चाई जैसे ही समाज के लोगों को पता चली वह आंदोलित हो उठे। समाज के लोगों ने न केवल पुलिस पर अपना गुस्सा निकाला बल्कि आरोपी के घर और वाहनों को भी आग लगा दी। शव को हाईवे पर रखकर जाम लगाने एवं पुलिस की समझाईश के बाद भी न मानने पर पुलिस को भी बल प्रयोग करना पड़ा। घटना के बाद से क्षेत्र में तनाव फैला हुआ है, वहीं सुरक्षा को लेकर पूरे पृथ्वीपुर एवं विंदपुरा को छाबनी में तब्दील कर दिया गया है।
पृथ्वीपुर के वार्ड क्रमांक 14 के विंदपुरा निवासी 55 वर्षीय पिता ने रविवार की तडक़े 4 बजे अपने घर के पीछे एक पेड़ पर फंदा डालकर आत्महत्या कर ली। पिता द्वारा की गई आत्महत्या की सूचना पर पूरे क्षेत्र का कुशवाहा समाज एकत्रित हो गया। पिता की आत्महत्या को लेकर जब उसकी पुत्री ने खुलासा किया तो पूरा समाज आक्रोश से भर उठा। पुत्री का आरोप था कि मुहल्ले का ही सैफअली पुत्र करीम खान 22 वर्ष उसे कई दिनों से परेशान कर रहा था। वह उस पर धर्म परिवर्तन कर विवाह करने का दबाव बना रहा था। ऐसा न करने पर उसके दोनों भाईयों एवं पिता को मारने की धमकी दी जा रही थी। डरकर युवति ने लगभग दो माह पूर्व टीकमगढ़ में आकर न्यायालय में उसके साथ कोर्ट मैरिज भी कर ली थी। इसके बाद भी सैफअली द्वारा लगातार उस पर धर्म परिर्वतन करने का दबाव बनाया जा रहा था। लडक़ी का आरोप है कि बीती रात आरोपियों ने ही उसके पिता की हत्या की है।
पुलिस से की मारपीट: घटना की सूचना के बाद पृथ्वीपुर थाना पुलिस ने बीट इंचार्ज एसआई नत्थूलाल कौल को विंदपुरा भेजा। जैसे ही नत्थूलाल मृतक के घर पर पहुंचे, गुस्साए लोगों ने सीधे उनके साथ मारपीट शुरू कर दी। नत्थू लाल खुद को बचाने के लिए अपनी बाईक छोडक़र वहां से भाग निकले। समाज के लोगों की गुस्सा यहां भी शांत नही हुईऔर वह सीधे आरोपी सैफअली खान के घर में जा घुसे। उन्होंने सैफअली खान के घर में आग लगा दी। लोगों ने उसकी बुलेरो जीप और मोटर साईकिल को भी आग के हवाले कर दिया। इसके साथ ही परिजनों से भी मारपीट की।
लगा दिया जाम: वहीं घटना के बाद लोगों ने मृतक का शव झांसी-टीकमगढ़ हाईवे पर रखकर जाम लगा दिया। लोग पुलिस ने आरोपियों के खिलाफ हत्या का मामला दर्ज करने की मांग कर रहे थे। इस पर पुलिस ने लोगों को समझाईश दी लेकिन वह नही माने। लोगों की हठ देखकर पुलिस ने शव को अपने कब्जे में ले लिया और पोस्ट मार्टम के लिए सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र ले गए। इससे आक्रोशित लोगों ने पुलिस बल पर पथराव कर दिया। आक्रोशित भीड़ पर काबू पाने के लिए पुलिस ने बल प्रयोग कर आंसू गैस के गोले छोड़े। काफी मशक्कत के बाद ही आक्रोशित भीड़ पर काबू पाया जा सका।