
जेसन संजय और विजय थलापति (फोटो सोर्स- Twitter@CinemaWithAB)
Jason Sanjay Reacts To CM Vijay TVK Chants: तमिल सुपरस्टार और तमिलनाडु के मुख्यमंत्री सी. जोसेफ विजय के बेटे जेसन संजय जल्द ही बतौर निर्देशक फिल्म इंडस्ट्री में कदम रखने जा रहे हैं। उनकी डेब्यू फिल्म 'सिग्मा' को लेकर इन दिनों चर्चा तेज है। मंगलवार को सलेम में फिल्म का प्री-रिलीज इवेंट आयोजित किया गया, जहां जेसन संजय फिल्म की टीम के साथ मौजूद थे। इसी दौरान ऐसा पल आया जिसने सबका ध्यान खींच लिया। जेसन के भाषण के बीच दर्शकों ने उनके पिता की राजनीतिक पार्टी TVK के नारे लगाने शुरू कर दिए।
इवेंट में जेसन संजय ने फिल्म के प्रमोशन की शुरुआत सलेम से करने पर खुशी जताई। उन्होंने बताया कि फिल्म के कुछ हिस्सों की शूटिंग इसी शहर में हुई है और यहां से उनकी कई अच्छी यादें जुड़ी हैं। इसके बाद उन्होंने फिल्म की पूरी टीम और अपने परिवार का शुक्रिया अदा किया।
जैसे ही उन्होंने परिवार का जिक्र किया, वहां मौजूद लोगों की आवाज तेज हो गई। देखते ही देखते भीड़ ने TVK- TVK के नारे लगाने शुरू कर दिए। कुछ देर के लिए जेसन को अपना भाषण रोकना पड़ा। इस दौरान वह मुस्कुराते हुए नजर आए और आखिर में उन्होंने भीड़ की तरफ अंगूठा दिखाकर प्रतिक्रिया दी।
जेसन संजय और उनके पिता विजय के बीच कथित अनबन की खबरें पिछले कुछ समय से चर्चा में हैं। हालांकि दोनों में से किसी ने भी सार्वजनिक तौर पर ऐसी किसी पारिवारिक परेशानी की पुष्टि नहीं की है।
इन खबरों को उस समय हवा मिली जब मार्च में जेसन के विजय को इंस्टाग्राम पर अनफॉलो करने की रिपोर्ट सामने आई। इसके बाद जुलाई में उनके नाम से ‘V’ हटाकर ‘S’ इस्तेमाल करने की अटकलें भी लगाई गईं। हालांकि इन चर्चाओं के बीच जेसन और विजय दोनों ने चुप्पी बनाए रखी। ऐसे में 'सिग्मा' के इवेंट में TVK के नारे लगने पर जेसन का मुस्कुराकर जवाब देना खास तौर पर चर्चा में आ गया।
कार्यक्रम के दौरान जेसन से पूछा गया कि उन्होंने बचपन में सबसे पहली कौन सी फिल्म देखी थी। उन्होंने बताया कि यह उनके पिता विजय और ज्योतिका की 2003 में आई फिल्म 'थिरुमलई' थी। जेसन के मुताबिक उस वक्त उनकी उम्र महज तीन साल थी। जब उनसे पूछा गया कि निर्देशक बनने की आधिकारिक खबर सबसे पहले उन्होंने किसे दी, तो उन्होंने अपनी मां का नाम लिया। उन्होंने बताया कि मां को यह सुनकर काफी खुशी हुई थी।
फिल्म के अभिनेता सुंदीप किशन ने भी इस मौके पर विजय को फिल्म के लिए प्रेरणा और पहचान बताया। जेसन ने मुस्कुराकर उनकी बात पर सहमति जताई।
'सिग्मा' जेसन संजय की बतौर निर्देशक पहली फिल्म है। ये एक हीस्ट कॉमेडी बताई जा रही है, जिसमें सुंदीप किशन और फारिया अब्दुल्ला मुख्य भूमिकाओं में हैं। फिल्म में संपत राज, शिव पंडित, योग जपे और शीला राजकुमार समेत कई कलाकार नजर आएंगे। फिल्म का संगीत थमन एस ने तैयार किया है और इसका निर्माण लाइका प्रोडक्शन्स ने किया है।
फिल्म की रिलीज पहले 31 जुलाई तय की गई थी, लेकिन बाद में इसे टाल दिया गया। अब जेसन की पहली फिल्म को लेकर दर्शकों की नजर इस बात पर है कि क्या वह अपने पिता की स्टारडम से अलग अपनी पहचान बनाने में कामयाब होते हैं।
फिलहाल, Sigma के इवेंट में TVK के नारों पर जेसन का मुस्कुराता हुआ रिएक्शन सोशल मीडिया और फिल्मी गलियारों में चर्चा का विषय बना हुआ है।
Updated on:
09 Sept 2026 12:37 pm
Published on:
09 Sept 2026 12:36 pm
