
सीएम विजय के बेटे ने अपने नाम से हटाया पिता का नाम। (फोटो सोर्स: @CNNnews18)
Thalapathy Vijay Son Name Change: अभिनेता से राजनेता बने विजय ने रविवार (10 मई) को तमिलनाडु के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ लेकर इतिहास रच दिया। उनकी पार्टी, तमिलगा वेट्री कज़गम (TVK) की चुनावी जीत के बाद यह शपथ ग्रहण समारोह हुआ। चेन्नई के जवाहरलाल नेहरू स्टेडियम में आयोजित समारोह ने सोशल मीडिया और सोशल मीडिया के बाहर काफी सुर्खियां बटोरीं। वहीं, विजय के परिवार के कुछ सबसे महत्वपूर्ण सदस्यों की गैर-मौजूदगी ऑनलाइन चर्चा का विषय बन गई। बता दें कि विजय की अलग रह रही पत्नी संगीता सोरनलिंगम और उनके बच्चे, जेसन संजय और दिव्या साशा, तलाक की कार्यवाही जारी रहने के कारण शपथ ग्रहण समारोह में शामिल नहीं हुए।
इन सभी घटनाक्रमों में, जेसन संजय के सिग्नेचर में कथित बदलाव ने सोशल मीडिया पर हलचल मचा दी है। स्थानीय मीडिया रिपोर्टों के अनुसार, विजय और संगीता के बेटे ने कथित तौर पर "जेसन संजय वी" के बजाय "जेसन संजय एस" सिग्नेचर का इस्तेमाल करना शुरू कर दिया है।
telegraphindia की खबर के मुताबिक, जेसन ने इस साल की शुरुआत में दायर तलाक की याचिका के बाद सोशल मीडिया पर अपने पिता को अनफॉलो भी कर दिया था।
गौरतलब है कि शपथ ग्रहण समारोह के दौरान विजय को सपोर्ट करने के लिए परिवार के कई करीबी सदस्य और फिल्म इंडस्ट्री की कई बड़ी हस्तियां मौजूद थीं, जिनमें उनके माता-पिता, शोभा चंद्रशेखर और एसए चंद्रशेखर, उनकी राजनीतिक टीम के सदस्य और एक्ट्रेस तृषा कृष्णन भी इस कार्यक्रम में मौजूद थीं।
विजय की जीत के जश्न में पत्नी संगीता की अनुपस्थिति ने इंटरनेट पर तलाक की ख़बरों को और तेज कर दिया। बता दें कि उन्होंने फरवरी 2026 में तलाक के लिए अर्जी दी और विजय पर बेवफाई का आरोप लगाया था। याचिका के अनुसार, “अप्रैल 2021 में संगीता को पता चला कि विजय एक एक्ट्रेस के साथ अवैध संबंध में थे। इससे उन्हें बहुत दुख पहुंचा और मानसिक तनाव हुआ। उन्हें लगा कि उनके भरोसे और शादी के रिश्ते को ठेस पहुंची है।
याचिका में आगे कहा गया है कि एक्टर “एक्ट्रेस के साथ खुलेआम मेलजोल रखते रहे हैं”, जिससे कथित तौर पर संगीता और बच्चों दोनों को भावनात्मक पीड़ा और शर्मिंदगी हुई। वहीं, विजय और तृषा दोनों ने ही अपने बारे में फैली अफवाहों पर सार्वजनिक रूप से कोई रिएक्शन नहीं दिया है।
जानकारी के लिए बता दें कि चुनाव से पहले, विजय ने एक हलफनामे में अपनी वित्तीय संपत्तियों की घोषणा की थी, जिसमें कथित तौर पर संगीता के लिए रखी गए फिक्स्ड डिपॉजिट और सोने के गहनों का जिक्र था।
इस बीच, तलाक की कार्यवाही फिलहाल जारी है। अप्रैल में, चेंगलपट्टू परिवार कल्याण न्यायालय ने कथित तौर पर सुनवाई 15 जून तक के लिए स्थगित कर दी थी, इससे पहले तमिलनाडु विधानसभा चुनावों के कारण मामले को टाल दिया गया था।
Updated on:
11 May 2026 03:47 pm
Published on:
11 May 2026 03:19 pm
बड़ी खबरें
View Allटॉलीवुड
मनोरंजन
ट्रेंडिंग
