
सडक़ पार कर रहे बाइक सवार को हाईवे पर ट्रक ने कुचला, मौके पर हुई मौत
जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग 52 के संथली चौराहे पर शनिवार देर रात जयपुर की ओर से तेज गति से अनियंत्रित होकर आए गायों से भरे ट्रक ने राजमार्ग पार कर रहे बाइक सवार युवक को कुचल दिया। इससे युवक की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। मौके पर मौजूद ग्रामीण एवं राहगीरों ने टक्कर मार भाग रहे ट्रक का कई किलोमीटर दूर तक पीछाकर पकड़ लिया और बाद में हनुमाननगर जिला भीलवाड़ा थाने को सुपुर्द कर दिया।
शव को देर रात मोर्चरी में रखवाया
मौके पर पहुंची पुलिस ने मृतक के शव को देर रात होने पर दूनी अस्पताल की मोर्चरी में रखवा दिया। इसके बाद रविवार सुबह शव का पोस्टमार्टम करा परिजनों को सौंप दिया। थानाप्रभारी विजयङ्क्षसह मीणा ने बताया कि मृतक युवक संथली थाना दूनी निवासी भरतराज (28) पुत्र लालाराम गुर्जर है।
एएसआई रामजीलाल ने बताया कि देर रात बाइक सवार भरतराज राजमार्ग पारकर घर की जा रहा था। इसी दौरान जयपुर से उज्जेन की ओर जा रहे गायों से भरे ट्रक ने बाइक को टक्कर मार युवक को कुचलता हुआ निकल गया। युवक की मौत के बाद संथली स्थित घर एवं मोहल्ले में कोहराम मच गया। बड़े पुत्र की मौत पर माता-पिता, पत्नी, बालक व भाइयों का रो-रोकर बुरा हाल था।
वाहनों से किया बीस किलोमीटर पीछा
संथली में बाइक को टक्कर मारकर व युवक को कूचलने के बाद रुकने के बजाए ट्रक चालक वाहन को भाग ले गया। सूचना पर आधा दर्जन बाइक पर सवार ग्रामीणों ने भाग रहे ट्रक का पीछा करने लगे। आखिरकार बीस किलोमीटर पीछा करने के बाद सूचना पर तैनात पुलिस की मदद से ट्रक को पकड़ लिया। इस दौरान आरोपी ट्रक चालक ने पीछा कर रहे बाइक सवारों को भी टक्कर मारने का प्रयास किया मगर वह बाल-बाल बच गए।
इसके बाद ग्रामीणों ने पकड़े गए ट्रक को चालक सहित हनुमाननगर जिला भीलवाड़ा थाना को सौंप दिया। वही पकड़े गए ट्रक में भरी गायों को रात में ही अन्य वाहन से भेज देने पर दूनी अस्पताल में पोस्टमार्टम से पूर्व ग्रामीणों ने हंगामा कर दिया हालांकि इस दौरान एएसआई रामजीलाल ने परिजनों एवं ग्रामीणों को समझा शांत करा दिया।
Published on:
11 Dec 2023, 10:12 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.