
कोबरा को पकड़ने का प्रयास करते हुए। फोटो- पत्रिका
टोंक। जिला कलक्टर टीना डाबी के सरकारी आवास में उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब परिसर में करीब 5 फीट लंबा जहरीला कोबरा सांप दिखाई दिया। अचानक सामने आए इस सांप से वहां मौजूद कर्मचारियों में भय का माहौल बन गया और तत्काल सिविल डिफेंस टीम को सूचना दी गई।
यह वीडियो भी देखें
सूचना मिलते ही सिविल डिफेंस से जुड़े गालिब खान मौके पर पहुंचे और रेस्क्यू अभियान शुरू किया। इस दौरान कोबरा करीब 20 मिनट तक फन फैलाकर बैठा रहा, जिससे आसपास मौजूद लोग दहशत में रहे। सांप के आक्रामक रुख को देखते हुए टीम ने सावधानीपूर्वक उसे काबू में करने की कोशिश की। करीब आधे घंटे की मशक्कत के बाद आखिरकार कोबरा को सुरक्षित पकड़ा गया और बाद में उसे जंगल में छोड़ दिया गया।
जानकारी के अनुसार यह कोबरा ‘नाजा’ प्रजाति का था और उसने हाल ही में शिकार किया हुआ था। इसी कारण वह कुछ समय तक सुस्त अवस्था में पड़ा रहा। सबसे पहले कलक्टर के निजी सहायक की नजर सांप पर पड़ी, जिसके बाद तुरंत सिविल डिफेंस को सूचित किया गया। रेस्क्यू टीम के सदस्य गालिब खान ने बताया कि मौसम में बदलाव के चलते सांप अपने बिलों से बाहर निकलने लगे हैं, जिससे ऐसे मामले बढ़ रहे हैं। उन्होंने यह भी बताया कि पेट में शिकार होने के बावजूद रेस्क्यू के दौरान सांप ने आक्रामक व्यवहार दिखाया, लेकिन टीम ने सूझबूझ से उसे काबू कर लिया।
राहत की बात यह रही कि घटना के समय जिला कलक्टर टीना डाबी आवास पर मौजूद नहीं थीं। सांप के सुरक्षित पकड़े जाने के बाद कर्मचारियों ने राहत की सांस ली। करीब आधे घंटे तक चले इस घटनाक्रम के दौरान पूरे परिसर में अफरा-तफरी का माहौल बना रहा, जिसे टीम ने नियंत्रित किया। गौरतलब है कि आईएएस अधिकारी टीना डाबी को हाल ही में टोंक का जिला कलक्टर नियुक्त किया गया है। इससे पहले वे बाड़मेर में जिला कलक्टर के पद पर कार्यरत थीं। देश की आजादी से अब तक जिले में 67 जिला कलक्टर रह चुके हैं। टीना डाबी 68वीं जिला कलक्टर हैं। जिले में यह घटना चर्चा का विषय बनी हुई है और प्रशासन ने सतर्कता बरतने की सलाह दी है।
Published on:
11 Apr 2026 06:54 pm
बड़ी खबरें
View Allटोंक
राजस्थान न्यूज़
ट्रेंडिंग
