
जानकीपुरा में ग्रामीणों को समझाते तहसीलदार व विकास अधिकारी।
मालपुरा. कड़ीला पंचायत के जानकीपुरा गांव के समीप पत्थर की खान से निकली मिट्टी में मूल्यवान धातु के मिलने की अफवाह के बीच हादसे की आशंका को देखते हुए शनिवार शाम मालपुरा थाना प्रभारी उदय सिंह के नेतृत्व में आरएसी के जवान तैनात कर दिए गए।
थाना प्रभारी ने बताया कि मौके से ग्रामीणों को हटाने व खान में भरे पानी में हादसा की आशंका पर आरएसी लगाई गई है।
इससे पहले लोग दिनरात मिट्टी खोदने में जुटे थे। कथित सोने के लिए उन्होंने सोना भी छोड़ दिया था।
शनिवार को भी दिनभर मिट्टी खोदने के लिए ग्रामीणों की भीड़ लगी रही। पाळ पर बढ़ती भीड़ को हटाने के लिए तहसीलदार सुभाष गोयल व विकास अधिकारी भूराराम बलाई ने ग्रामीणों को समझाया।
उन्होंने सोने के सिक्के मिलने का प्रमाण मांगा। इस पर किसी ने जवाब नहीं दिया। उन्होंने हादसे की आशंका से भी अवगत कराया, लेकिन अधिकारियों के लौटते ही वे फिर से मिट्टी खोदने में जुट गए।
इसके बाद शाम को आरएसी लगा दी गई। उल्लेखनीय है कि प्रशासनिक व पुलिस अधिकारियों के वाहनों को आता देख ग्रामीणों के छिप जाने या मौके से भाग जाने को देखते हुए तहसीलदार व विकास अधिकारी सुबह निजी वाहनों से मौके पर पहुंचे थे।
जहां बड़ी संख्या में लोग खुदाई करते मिले। इधर अधिकारियों ने बताया कि क्षेत्र में अब सोशल मीडिया के माध्यम से भी सोने के प्राचीन सिक्के के चित्र प्रदर्शित किए जा रहे हैं। इससे अफवाहों का दौर बढ़ता जा रहा है।
Published on:
16 Oct 2016, 10:12 AM IST
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.