
टोंक के मेहंदवास थाना पुलिस की गिरफ्त में आरोपित।
टोंक. मेहंदवास थाना क्षेत्र के बिशनपुरा गांव में गत दिनों कुएं में गिरने से हुई मौत के मामले का खुलासा पुलिस ने गुरुवार को कर दिया। इसमें सामने आया कि मृतक की उसके जीजा ने कुएं में धक्का देकर हत्या की थी। मामले में पुलिस ने जीजा रामेश्वर पुत्र भंवरलाल गुर्जर निवासी बमोर थाना सदर को गिरफ्तार किया है।
पुलिस अधीक्षक प्रीति जैन ने बताया कि गत 3 जुलाई को बिशनपुरा गांव के बालूराम (42) पुत्र कालूराम गुर्जर की कुएं में गिरने से मौत हो गई थी। पुलिस ने दशरथ गुर्जर की ओर से मामला दर्ज किया था। इस दौरान मृतक के परिजनों ने हत्या की आशंका जताई।
इस पर अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक अवनीश शर्मा व उपाधीक्षक संजय शर्मा के निर्देशन में थाना प्रभारी बृजमोहन कविया, सहायक उपनिरीक्षक गणपत सिंह, हैड कांस्टेबल श्योजी लाल, गिरिराज, कांस्टेबल महावीर व बनवारी की टीम ने मामले की जांच शुरू की।
इसमें संदेह के आधार पर मृतक के जीजा रामेश्वर पुत्र भंवरलाल गुर्जर निवासी बमोर थाना सदर से पूछताछ की तो उसने हत्या करना स्वीकार कर लिया। पुलिस ने बताया कि आरोपित जीजा अपने साले मृतक बालूराम की जमीन को हड़पना चाहता था। वह जमीन नहीं दे रहा था।
ऐसे में आरोपित रामेश्वर गत तीन जुलाई की शाम को साले बालूराम को खेत पर ले गया और उसे कुएं में धकेल दिया। इससे उसकी मौत हो गई। बाद में आरोपित गांव से चला गया।
Published on:
07 Jul 2017 07:29 am
Copyright © 2026 Patrika Group. All Rights Reserved.
