टोंक. शहर से गहलोद रोड पर बनाई जा रही सीसी सडक़ का निर्माण जनाना अस्पताल के बाहर ही थम गया है। जबकि इसका निर्माण पटेल सर्कल तक कराया जाना था। ऐसे में अधूरी सीसी सडक़ राहगीरों को जख्म बांट रही है। वाहनों के गुजरने से उठने वाले धूल के गुबार से दिनभर दुकानदार समेत राहगीर परेशान है।
हालांकि पीडब्ल्यूडी अभियन्ताओं का कहना है कि सीवरेज लाइन का कार्य अधूरा रहने से सीसी सडक़ का कार्य पूरा नहीं हो पाया। उल्लेखनीय है कि शहर के पटेल सर्कल से गहलोद घाट तक 2.7 किलोमीटर लम्बी सीसी सडक़ बनाई गई है।
सवा छह करोड़ की लागत से बनाई जा रही सडक़ का निर्माण गहलोद से जनाना अस्पताल तक तो हो गया है। जबकि अस्पताल से पटेल सर्कल तक करीब 400 मीटर सडक़ का कार्य अधूरा पड़ा है। ऐसे में इस मार्ग से गुजर रहे लोगों की आवाजाही बाधित है।
यहां रुका है काम शहर के छावनी क्षेत्र से जयपुर रोड स्थित फ्लाईओवर तक बनने वाले शहरी गौरव पथ का निर्माण कार्य भी सीवरेज कार्य पूरा नहीं होने से अटका पड़ा है। जबकि यहा सडक़ निर्माण के लिए तीन करोड़ रुपए की स्वीकृति होने के साथ टेण्डर प्रक्रिया भी पूरी हो चुकी है।
पीडब्यूडी इसलिए कार्य शुरू नहीं करा पा रहा कि अभी तक इस मार्ग में आरयूआइडीपी की ओर से सीवरेज कार्य पूरा नहीं कराया गया है। ऐसे में राशि स्वीकृति के बावजूद शहर में प्रवेश के साथ लोगों को गडढ़ों से रूबरू होना पड़ रहा है।
10 मीटर होगी चौड़ी पीडब्ल्यूडी अभियन्ताओं के मुताबिक छोड़ी गई सीसी सडक़ जनाना अस्पताल से पटेल सर्कल तक 10 मीटर चौड़ाई में होगी। इसके अलावा बचे स्थान पर भी इंटरलॉकिंग कराई जानी है। जबकि अस्पताल से गहलोद तक बनाई गई सीसी सडक़ की चौड़ाई 7 मीटर में है।
सीवरेज ने अटका रखा है काम पटेल सर्कल तक सीसी सडक़ नहीं बनने के पीछे सीवरेज कार्य का पूरा नहीं होना है। आरयूआईडीपी वालों को जल्द कार्य पूरा करने के लिए लिखा गया है। जिससे कि लोगों को असुविधा का सामना नहीं करना पड़े। भगवानसिंह मीणा, अधिशासी अभियन्ता पीडब्ल्यूडी टोंक।
जल्द कराएंगे पूर्ण अधिकांश कार्य पूरा करा लिया गया है। चैम्बर्स व लाइन का कुछ कार्य अधूरा है। इसे जल्द ही पूरा करा लिया जाएगा। रमेश गर्ग, अधिशासी अभियन्ता, आरयूआईडीपी।