
टोंक. रोडवेज बंद होने से लोगों का आवागमन भी थम गया है। राष्ट्रीय राजमार्ग तथा टोंक-सवाईमाधोपुर मार्ग को छोडकऱ जिले के अन्य मार्गों पर निजी वाहन भी नहीं चल रहे हैं। ऐसे में लोगों को एक गांव से दूसरे गांव जाने के लिए भी पैदल सफर या अन्य वाहनों का सहारा लेना पड़ रहा है।
आलम ये हो गया कि किसी गांव में रिश्तेदार से मिलने जाने के लिए भी लोगों को सोचना पड़ रहा है। हालांकि वे मोबाइल फोन पर बातें तो कर रहे हैं, लेकिन मिल नहीं रहे हैं। विभिन्न मांगों को लेकर रोडवेजकर्मी गत 17 सितम्बर से हड़ताल पर हैं। विभिन्न मांगों को लेकर रोडवेजकर्मी गत 17 सितम्बर से हड़ताल पर हैं।
कैसे जाएं एक से दूसरे गांव
गत 17 सितम्बर से रोडवेज बंद है। ऐसे गांवों का सम्पर्क टूट गया है। हालांकि रोज जयपुर-कोटा राष्ट्रीय राजमार्ग तथा टोंक-सवाईमाधोपुर मार्ग पर ही निजी बसें संचालित हो रही है। बाकी टोंक जिले के अन्य गांवों में निजी बसों तथा अन्य सवारी वाहनों का आवागमन नहीं होने से लोगों को परेशानी हो रही है।
रोडवेज बंद होने से टोंक-इन्द्रगढ़-कोटा, टोंक-नैनवां-कोटा, टोंक-टोडारायसिंह-अजमेर, टोंक-दूनी-आवां, टोंक-छान-टोडारायसिंह, टोंक-सोहेला-डिग्गी-मालपुरा, टोंक-गहलोद-नानेर-टोरडी-मालपुरा, टोंक-बमोर-चौथ का बरवाड़ा-सवाईमाधोपुर, टोंक-टोडारायसिंह-लाम्बाहरिसिंह, टोंक-पीपलू-फागी-जयपुर, टोंक-सारसोप, टोंक-उनियारा-नगरफोर्ट-नैनवां आदि ऐसे मार्ग हैं, जिनके गांवों के लोग अब सफर में परेशान हैं।
रोडवेज इंटक के जिलाध्यक्ष पुष्पेन्द्र शर्मा ने बताया कि जब तक मांगों का निस्तारण नहीं होगा हड़ताल जारी रहेगी। रोडवेज संयुक्त कर्मचारी फैडरेशन (भामस) के जिलाध्यक्ष रघुवीरसिंह राजावत ने बताया कि वे घनश्याम, शंकरलाल जाट, दयाराम आदि के साथ अनशन पर हैं।