
1994 से चोरों के निशाने पर राजस्थान का यह स्कूल लगातार 26 बार दिया चोरी की वारदात को अंजाम
टोंक. शहर के खेल स्टेडियम के समीप राजकीय बालिका उच्च प्राथमिक विद्यालय की रसोई घर का रविवार रात चोर ताले तोड़ कर सामान ले गए। इसका मामला प्रधानाध्यापक लालाराम मीणा ने पुरानी टोंक थाने में दर्ज कराया है। इस स्कूल में चोरी की ये 26वीं वारदात है। चोरों ने वर्ष 1994 से लेकर अब तक यहां इन वारदातों को अंजाम दिया है। रविवार रात भी चोर स्कूल की दीवार फांद कर अंदर घुसे और रसोई घर का ताला तोड़ दिया। चोर रसोई घर में रखे सिलेण्डर, कूकर, स्टील के 10 डिब्बे, 10 किलो आटा, 5 किलो दाल, 2 किलो तेल, मिर्च, हल्दी, धनियां, गिलास, थालियां समेत अन्य सामान ले गए।
सोमवार सुबह स्कूल पहुंचे शिक्षकों व प्रधानाध्यापक को चोरी का पता चला। चोर जाते समय अपने साथ रसोई घर का ताला भी ले गए। इसका मामला प्रधानाध्यापक ने पुरानी टोंक थाने में दर्ज कराया है। हालांकि पुलिस अब से पहले हुई चोरियों का भी खुलासा नहीं कर पाई है। प्रधानाध्यापक ने बताया कि चोरों ने इससे पहले 14 नवम्बर 1994, 17 दिसम्बर 1994, 4 मार्च 1995, 24 अगस्त1995,16 अक्टूबर 1995, 5 जनवरी 1996, 9 फरवरी 1996, 19 अप्रेल 1996, 14 नवम्बर 1996, 24 दिसम्बर 1998, 12 अक्टूबर 1999, 17 फरवरी 2000, 29 जुलाई 2000, 12 दिसम्बर 2002, 20 सितम्बर 2004, 23 फरवरी 2005, 12 दिसम्बर 2006, एक अगस्त 2009, 23 सितम्बर 2010, 29 सितम्बर 2011, 7 अप्रेल 2014, 2 अगस्त 2014, 3 जनवरी 2014, 6 मार्च 2017 को वारदात को अंजाम दिया था। पुलिस इनमें से एक भी चोरी का खुलासा नहीं कर पाई है।
Published on:
08 Oct 2018 05:20 pm
